| |

इंदौर में अवैध शराब पर कलेक्टर का शिकंजा: 3 दिन में 1.10 करोड़ की शराब जब्त; 1000 पेटी से ज्यादा बरामद

इंदौर। सागर जिले में जहरीली शराब पीने से सात लोगों की मौत के बाद पूरे प्रदेश में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद इंदौर में भी आबकारी विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में पिछले तीन दिनों में करीब 1.10 करोड़ रुपए कीमत की 1000 से ज्यादा पेटी अवैध शराब जब्त की गई है। इन तीन दिनों में 3 सितंबर की कार्रवाई सबसे बड़ी रही, जबकि 5 सितंबर को भी बड़ी मात्रा में शराब बरामद की गई। सोमवार 7 सितंबर को भी आबकारी टीम ने कार्रवाई करते हुए 14 पेटी अवैध शराब जब्त की।

7 सितंबर: गश्त के दौरान 14 पेटी शराब मिली
आबकारी विभाग की टीम ने सोमवार सुबह शहर के अलग-अलग इलाकों में गश्त के दौरान संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान 14 पेटी अवैध शराब मिली। इसमें अलग-अलग ब्रांड की स्प्रिट और बीयर शामिल हैं। विभाग के मुताबिक, शराब बिना लाइसेंस के बिक्री के लिए रखी गई थी।

5 सितंबर: रॉयल रोज की 475 पेटी जब्त
5 सितंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आबकारी विभाग ने कार्रवाई की। टीम ने रॉयल रोज ब्रांड की 475 पेटी अवैध शराब बरामद की। शराब को अवैध तरीके से स्टोर कर शहर में सप्लाई करने की तैयारी थी।

3 सितंबर: कंटेनर से मिली 500 पेटी हरियाणा की शराब
3 सितंबर को बायपास क्षेत्र में एक कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई। इसमें हरियाणा निर्मित 500 पेटी अवैध शराब मिली। इसकी कीमत करीब 55 लाख रुपए आंकी गई। शराब की पेटियों पर ‘सेल इन चंडीगढ़ ओनली’ लिखा था। विभाग के मुताबिक, इसे मध्यप्रदेश में अवैध रूप से खपाने के लिए लाया जा रहा था।

कलेक्टर खुद कर रहे मॉनिटरिंग
अवैध शराब के खिलाफ चल रहे अभियान की कलेक्टर शिवम वर्मा लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने आबकारी विभाग को शराब के अवैध भंडारण, परिवहन और बिक्री पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। संदिग्ध वाहनों और ठिकानों पर भी नजर रखी जा रही है। आबकारी विभाग के मुताबिक, पिछले एक महीने में इंदौर जिले में ढाई करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत की अवैध शराब जब्त की जा चुकी है।

आबकारी विभाग बोला- अभियान लगातार जारी रहेगा
सहायक आबकारी आयुक्त अभिषेक तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर अवैध शराब के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर के निर्देश पर मुखबिर तंत्र को मजबूत किया गया है और सूचना मिलते ही टीमें कार्रवाई कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। फिलहाल इंदौर जिले में जहरीली शराब से जुड़ा कोई मामला सामने नहीं आया है। इसके बावजूद आबकारी विभाग ने निगरानी और कार्रवाई बढ़ा दी है।

Share