इंदौर में सीएम हेल्पलाइन पर लापरवाही पर जुर्माना: राऊ नपा कर्मचारी सस्पेंड; कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

इंदौर। कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट में टीएल बैठक आयोजित हुई। बैठक में नगर निगम आयुक्त, अपर कलेक्टर, एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन सहित अन्य लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
लापरवाही मिलने पर आर्थिक दंड
कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि टीएल बैठक में शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं और सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की जाती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुसार सभी सेवाओं और योजनाओं में त्वरित कार्रवाई जरूरी है। आवेदकों की शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण और सीएम हेल्पलाइन का समय पर डिस्पोजल सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
समीक्षा के दौरान चिन्हित शिकायतों में कई मामलों में लापरवाही सामने आई। कलेक्टर ने बताया कि ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों पर आर्थिक दंड लगाया जा रहा है। राजस्व और संबल से जुड़ी कुछ शिकायतों में भी लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की गई है।
राऊ नपा की शिकायत में कर्मचारी सस्पेंड
राऊ नगरपालिका से जुड़ी एक शिकायत के निराकरण में अनावश्यक देरी सामने आने पर संबंधित कर्मचारी को निलंबित कर दिया गया है। कलेक्टर ने कहा कि मामले में देरी के लिए जिम्मेदारी भी तय की जा रही है।
क्वालिटी और समय पर निराकरण पर जोर
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केवल शिकायतों का औपचारिक निराकरण न किया जाए, बल्कि आवेदक को वास्तविक राहत मिलना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समय-सीमा में निराकरण प्रशासन की प्राथमिकता है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ आगे भी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।