| |

दादा गुरु के 2100 दिन निराहार तप पर 2100 पौधे लगाने का संकल्प: हाटपिपलिया में अभियान शुरू; सांसद-विधायकों ने किया पौधारोपण

हाटपिपलिया (देवास)। दादा गुरु के 2100 दिन निराहार रहने के उपलक्ष्य में ‘संस्था श्री सनातन’ ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा संकल्प लिया है। संस्था ने देवास जिले के हाटपिपलिया स्थित दयोदय गौशाला परिसर में 2100 पौधे लगाने के अभियान की शुरुआत की।

अभियान का शुभारंभ खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, हाटपिपलिया विधायक मनोज चौधरी और कन्नौद-खातेगांव विधायक आशीष शर्मा ने पौधे रोपकर किया।

दयोदय गौशाला परिसर से हुई शुरुआत
वृक्षारोपण कार्यक्रम में दयोदय गौशाला, गायत्री शक्तिपीठ सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए। इसके अलावा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, स्थानीय कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नगरवासी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। इस दौरान अतिथियों और संस्था के सदस्यों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

मानव सेवा और गौ सेवा पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने दादा गुरु के मार्गदर्शन, वाणी और उनकी प्रेरणा पर चलने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि मानव सेवा, गौ सेवा और पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यों में समाज की प्रत्येक संस्था और व्यक्ति को आगे आकर योगदान देना चाहिए।

अलग-अलग स्थानों पर लगाए जाएंगे 2100 पौधे
‘संस्था श्री सनातन’ के सदस्यों ने बताया कि 2100 पौधे लगाने का यह संकल्प दादा गुरु के तप और प्रेरणा को समर्पित है। अभियान के तहत अलग-अलग स्थानों पर पौधे लगाए जाएंगे और निर्धारित लक्ष्य को पूरा किया जाएगा।

संस्था का कहना है कि पौधारोपण के साथ इन पौधों की देखभाल और संरक्षण पर भी ध्यान दिया जाएगा, ताकि अभियान का उद्देश्य लंबे समय तक प्रभावी रहे।

 

Share