| |

झाबुआ में कलेक्टर की अपील लाई रंग: पांचाल समाज ने 55 यूनिट रक्तदान किया; महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

झाबुआ । कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट की रक्तदान की अपील का सकारात्मक असर रविवार को थांदला में देखने को मिला। श्री विश्वकर्मा पांचाल विकास सेवा समिति द्वारा आयोजित जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह में समाज के लोगों ने 55 यूनिट रक्तदान किया। इसमें महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

जीवन धारा अभियान’ के तहत रक्तदान
झाबुआ कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट द्वारा जीवन धारा अभियान- एक बूंद उम्मीद की चलाया जा रहा है। इसके तहत आम नागरिकों से अधिक से अधिक रक्तदान करने की अपील की गई है।

इसी अपील से प्रेरित होकर पांचाल समाज ने प्रतिभा सम्मान समारोह के दौरान रक्तदान शिविर लगाया। इसमें 55 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। यह रक्त विशेष रूप से सिकल सेल से पीड़ित मरीजों और गर्भवती महिलाओं के उपयोग में लिया जाएगा।

सिकल सेल मरीजों के लिए उपयोगी होगा रक्त
झाबुआ मध्यप्रदेश के प्रमुख सिकल सेल प्रभावित जिलों में शामिल है। जिले में करीब 2 हजार सिकल सेल मरीज और 16 हजार से अधिक कैरियर पंजीकृत हैं।

सिकल सेल उन्मूलन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में रक्तदान के लिए भी लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। पांचाल समाज के आयोजन में हुआ रक्तदान इसी पहल की सकारात्मक कड़ी रहा।

विद्यार्थियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों का सम्मान
समारोह में झाबुआ और आलीराजपुर जिले के पांचाल समाज के विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कक्षा 8वीं, 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मान मिला।

इसके साथ ही हाल ही में शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हुए पांचाल समाज के कर्मचारियों का भी सम्मान किया गया।

Share