पेटलावद में जन्माष्टमी पर क्रेन से लटक कर मटकी फोड़ी: जीते 11,111 रुपए; रासलीला के साथ गूंजा वंदे मातरम्

पेटलावद। जन्माष्टमी पर नगर के पुराने नाका पर 21वीं मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। श्री पुराना नाका राधा-कृष्ण मित्र मंडल ने आयोजन किया। प्रतियोगिता में आस्था, परंपरा और राष्ट्रभक्ति देखने को मिली। कार्यक्रम में नगरवासी और आसपास के क्षेत्रों से लोग शामिल हुए।
राधा-कृष्ण की रासलीला के साथ गाया वंदे मातरम्
कार्यक्रम में गुजरात से आए कलाकारों ने राधा-कृष्ण की रासलीला की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। वहीं स्थानीय युवाओं ने गरबा और भक्ति गीतों की प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। देर रात तक श्रद्धालु भक्ति और उत्साह में डूबे रहे।
रात 12 बजे भगवान राधा-कृष्ण की महाआरती की गई। इसके बाद आयोजन में राष्ट्रभक्ति का रंग भी देखने को मिला। उपस्थित श्रद्धालुओं और नगरवासियों ने एक साथ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया। भक्ति के बीच राष्ट्रभक्ति के इस पल ने पूरे माहौल को गौरव और उत्साह से भर दिया।
रामपुरिया की टीम ने फोड़ी मटकी
महाआरती के बाद करीब रात 1 बजे तक मटकी फोड़ प्रतियोगिता का रोमांच जारी रहा। क्रेन की मदद से ऊंचाई पर लटकी मटकी को फोड़ने के लिए विभिन्न टीमों ने उत्साह के साथ प्रयास किए। कई प्रयासों के बाद रामपुरिया की टीम ने मटकी फोड़कर प्रतियोगिता अपने नाम कर ली। विजेता टीम को 11,111 रुपए का नगद पुरस्कार श्री अतुल चौधरी की ओर से प्रदान किया गया।

युवाओं के सहयोग से सफल हुआ आयोजन
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। आयोजन को सफल और यादगार बनाने में मंडल के साथी खुश मांडोत, रचित गादिया, सिद्धू गुगलिया सहित अन्य युवाओं का सहयोग रहा।