| | |

उज्जैन में ट्रक से टकराई पुलिस की कार: ड्राइवर के अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा; SI और आरक्षक घायल 

उज्जैन। बड़नगर रोड़ पर ट्रक ड्राइवर के अचानक ब्रेक लगाने से मोबाईल पुलिस टकराकर पलट गई। हादसे में एक सब इंस्पेक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए, वही आरक्षक को मामूली चोट आई है। इंगोरिया पुलिस ने ट्रक ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज किया है।

एसआई और आरक्षक घायल 
जानकारी के अनुसार इंगोरिया थाने में पदस्थ एस आई नानकराम पटेल और आरक्षक दीपक सोलंकी बुधवार-गुरूवार रात 1:30 बजे मोबाईल से गश्त करते हुए थाने लौट रहे थे। इसी दौरान सोमनाथ ढाबे के पास आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे बचने के प्रयास में पुलिस मोबाईल बेकाबू होकर ट्रक में घूसते हुए पलट गई। हादसे में पुलिस वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। एसआई पटेल और आरक्षक सोलंकी घायल हो गए।

एसआई को जिला अस्पताल रेफर किया
टीआई दीपेश व्यास ने बताया की हादसे के बाद दोनों घायलों को तत्काल इंगोरिया के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद एस आई पटेल को गंभीर चोटों के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया, वहीं आरक्षक सोलंकी का उपचार स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। मामले में ट्रक जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।

Share