झाबुआ में 5 दूध डेयरियों की जांच: रैपिड टेस्ट में सैंपल मानक मिले; खाद्य विभाग का अभियान जारी

झाबुआ। जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा कल्याणपुरा और रायपुरिया क्षेत्र की विभिन्न दूध डेयरियों का आकस्मिक निरीक्षण करने पहुंची। डेरी के दूध की मौके पर ही जांच की गई।
रैपिड टेस्टिंग किट से हुई जांच
अभियान के दौरान कल्याणपुरा स्थित श्रीराम दूध डेयरी तथा रायपुरिया स्थित विश्वमंगल दूध डेयरी, श्रीकृष्ण दूध डेयरी, भेरूलाल मकवाना दूध डेयरी एवं महाकाल दूध डेयरी से दूध के कुल 12 नमूने लिए गए। इन नमूनों की रैपिड टेस्टिंग किट के माध्यम से मौके पर ही जांच की गई।
सभी नमूने सही मिले
रैपिड जांच के दौरान दूध में यूरिया, सुक्रोज, ग्लूकोज, सॉल्ट, माल्टोडेक्सट्रिन, हाइड्रोजन परॉक्साइड एवं न्यूट्रलाइजर सहित मिलावट संबंधी विभिन्न पैरामीटर की स्ट्रिप के माध्यम से जांच की गई। वरिष्ठ कार्यालय से प्राप्त निर्देशों के अनुसार की गई जांच में सभी 12 नमूने मानक स्तर के पाए गए।
आमजन को मिले गुणवत्तापूर्ण दूध
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा बताया गया कि जिले में आमजन को गुणवत्तापूर्ण दूध की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। अभियान के तहत विभिन्न दूध डेयरियों, दूध संग्रहण केंद्रों एवं अन्य संबंधित प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण कर दूध की गुणवत्ता की जांच की जाएगीजांच कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी राहुल सिंह अलावा और वेल सिंह मोरी उपस्थित रहे।