धार में जुआ-सट्टे को लेकर DGP को कांग्रेस विधायक का पत्र: कार्रवाई पर उठाए सवाल; थाना प्रभारी की जांच की मांग

धार। कांग्रेस विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह बघेल ने सीधे पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजकर डही थाना क्षेत्र में चल रहे कथित जुआ-सट्टे के कारोबार पर सवाल खड़े किए हैं।
बघेल ने शिकायत के साथ वीडियो साक्ष्य भी सोशल मीडिया पर साझा किए हैं। मामले ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली और थाना प्रभारी की भूमिका को लेकर भी सवाए खडे किए जा रहे है।
इधर इस मामले में डही थाना प्रभारी दिलीप तडेवला से उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई तो थाना प्रभारी ने फोन नहीं उठाया।
कार्रवाई नहीं तो संरक्षण किसका?’
पूर्व मंत्री बघेल का आरोप है कि डही के बकरा बाजार और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में खुलेआम जुआ और सट्टा खेला जा रहा है। उनका कहना है कि इसका सबसे ज्यादा असर गरीब, मजदूर और आदिवासी परिवारों पर पड़ रहा है। मेहनत की कमाई जुए-सट्टे में गंवाने से कई परिवार आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहे हैं।

पर्याप्त सबूतों के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही
बघेल ने अपने पत्र में स्थानीय पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि अवैध गतिविधियों के पर्याप्त सबूतों सामने आने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है।इसके पीछे पुलिस की उदासीनता है या संरक्षण, इसकी जांच होना जरूरी है।
थाना प्रभारी की निष्पक्ष जांच हो
सबसे गंभीर सवाल उन्होंने डही थाना प्रभारी दिलीप तडंवला की भूमिका को लेकर उठाया है। विधायक ने मांग की है कि थाना प्रभारी की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कर यह तय किया जाए कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई में लापरवाही क्यों हुई।

विशेष जांच दल की मांग
पूर्व मंत्री ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष जांच दल गठित करने की मांग की है। साथ ही अवैध जुआ-सट्टे के मुख्य संचालकों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई करने और पूरे नेटवर्क को खत्म करने की मांग रखी है। बघेल ने पुलिस विभाग से डही थाना क्षेत्र में अवैध जुआ-सट्टे के खिलाफ की गई कार्रवाई का पूरा विवरण 15 दिनों के भीतर उपलब्ध कराने की मांग भी की है।