नागदा के सांदीपनि स्कूल में बच्चों ने मनाई जन्माष्टमी: खेला मटकी फोड़ खेल; एक साथ बनाई बांसुरी

नागदा। सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण और बलराम के जीवन, बाल लीलाओं और प्रेरणादायक प्रसंगों की जानकारी दी गई।
मटकी फोड़ प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाया उत्साह
विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें भारतीय संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से विद्यालय परिसर में मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें छात्रों ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने टीम भावना और अनुशासन के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

मटकी और बांसुरी बनाकर दिखाई रचनात्मकता
कार्यक्रम के दौरान मटकी निर्माण और बांसुरी निर्माण जैसी रचनात्मक गतिविधियां भी कराई गईं। विद्यार्थियों ने इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कला और सृजनात्मकता का प्रदर्शन किया।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इस तरह की गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ उनकी रचनात्मक क्षमता को बढ़ावा देना है। पूरे कार्यक्रम का आयोजन शांतिपूर्ण, अनुशासित और गरिमामय वातावरण में किया गया। विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई।