|

मनावर थाने में विदाई और स्वागत समारोह: 5 उपनिरीक्षकों का ट्रासफर; 3 नए अधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी

धार। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा द्वारा किए गए प्रशासनिक फेरबदल के तहत मनावर अनुभाग के कई उपनिरीक्षकों का तबादला किया गया है। स्थानांतरित अधिकारियों के सम्मान में मनावर थाना परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया गया। वहीं, नए पदस्थापित अधिकारियों का स्वागत भी किया गया।

कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बृजेश कुमार मालवीय और थाना प्रभारी राजेश यादव मुख्य रूप से मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने स्थानांतरित उपनिरीक्षकों की कार्यप्रणाली और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उन्हें नई पदस्थापना के लिए शुभकामनाएं दीं। नए अधिकारियों का स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की उम्मीद जताई गई।

इन अधिकारियों का हुआ तबादला
मनावर थाने से उपनिरीक्षक मनोज पाटीदार को बाकानेर चौकी प्रभारी बनाया गया है। उपनिरीक्षक मनीष चौधरी को गंधवानी थाने की जीराबाद चौकी प्रभारी और उपनिरीक्षक सुशील यदुवंशी को बदनावर थाने की दोतरिया चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा उपनिरीक्षक अश्विन चौहान और उपनिरीक्षक गिलदार सिंह बघेल को कुक्षी थाने में पदस्थ किया गया है।

तीन नए अधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी
बाकानेर से उपनिरीक्षक प्रशांत पाल को मनावर थाने में पदस्थ किया गया है। वहीं उपनिरीक्षक प्रकाश अलावा को कुक्षी थाने से उमरबन चौकी प्रभारी और उपनिरीक्षक अनूप बघेल को कुक्षी थाने से सिंघाना चौकी प्रभारी बनाया गया है।

विदाई एवं स्वागत समारोह में मनावर थाने का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। एसडीओपी बृजेश कुमार मालवीय और थाना प्रभारी राजेश यादव ने स्थानांतरित अधिकारियों के कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने नई जिम्मेदारी और पदस्थापना के लिए अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

Share