इंदौर में फर्जी सिम से साइबर ठगी का आरोपी गिरफ्तार: तीन अभी भी फरार; दूसरों को इस्तेमाल के लिए देते थे

इंदौर। शहर में फर्जी सिम के जरिए साइबर ठगी करने वाले नेटवर्क को एमआईजी पुलिस ने ढूंढ लिया है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महज 5 हजार के लालच में अपनी आईडी और सिम दूसरे लोगों को इस्तेमाल के लिए दे रहे थे। इसी सिम का इस्तेमाल साइबर ठगी समेत अन्य आपराधिक गतिविधियों में किए जाने की आशंका है।
सिम को दूसरे लोगों को इस्तेमाल के लिए दिया
साइबर फ्रॉड की शिकायतों की जांच के दौरान पुलिस मोबाइल नंबर और सिम के दस्तावेजों की पड़ताल करती है। इसी प्रक्रिया में एमआईजी थाना क्षेत्र का यह मामला सामने आया। जांच में पता चला कि सिम सही दस्तावेजों पर जारी हुई थी, लेकिन उसके धारक ने उसे दूसरे लोगों को इस्तेमाल के लिए दे दिया था।
एक आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि तीन की तलाश जारी है। वहीं, विजय नगर थाना क्षेत्र से भी इसी तरह की शिकायत मिलने की बात सामने आई है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।
किसी दूसरे व्यक्ति को इस्तेमाल के लिए न दें सिम
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि थोड़े से पैसों के लालच में अपनी आईडी या सिम किसी दूसरे व्यक्ति को इस्तेमाल के लिए न दें। इसका इस्तेमाल साइबर फ्रॉड या अन्य अपराधों में हो सकता है और कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।