| |

अलीराजपुर के किसानों का धरना खत्म: CM ने दिया उचित कार्रवाई का आश्वासन; पटाखे फोड़कर जताई खुशी

आलीराजपुर। जमीन अधिग्रहण के विरोध में पांच दिनों से जारी किसानों का आंदोलन आखिरकार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया।

मुख्यमंत्री के भरोसे के बाद किसानों ने धरना खत्म करने का ऐलान किया तो आंदोलन स्थल का माहौल अचानक बदल गया। लंबे समय से अपनी मांग को लेकर डटे किसानों ने पटाखे फोड़कर खुशी जताई और एक-दूसरे को बधाई दी।

सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का भरोसा दिलाया 
धरना स्थल पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को वर्चुअल माध्यम से सुनने के लिए बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण जुटे। मुख्यमंत्री ने किसानों की जमीन और प्रस्तावित अधिग्रहण को लेकर सामने आई चिंताओं को गंभीरता से लेते हुए उनकी समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का भरोसा दिलाया।

किसानों के हितों को ध्यान में रखकर होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित खनिज विभाग को मामले में तत्काल आवश्यक कदम उठाने और किसानों के हितों का पूरा ध्यान रखने के निर्देश दिए।

आश्वासन के बाद धरना समाप्त
मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने धरना समाप्त करने का निर्णय लिया। पांच दिनों तक चले इस आंदोलन के दौरान किसानों ने जमीन अधिग्रहण के प्रस्ताव का विरोध करते हुए प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखी थीं। आंदोलनकारी लगातार इस बात पर अड़े थे कि उनकी जमीन से जुड़े फैसले किसानों की सहमति और हितों को ध्यान में रखकर ही किए जाएं।

किसानों ने जमकर की आतिशबाजी
धरना समाप्त होने की घोषणा के साथ ही स्थल पर जश्न का माहौल बन गया। किसानों ने जमकर आतिशबाजी की और मुख्यमंत्री के आश्वासन को आंदोलन की बड़ी सफलता बताया। हालांकि, किसानों ने यह भी संकेत दिया कि आगे की कार्रवाई और सरकारी स्तर पर होने वाले निर्णय पर उनकी नजर बनी रहेगी।

Share