वीर चक्र विजेता अभिनंदन ने लिया रिटायरमेंट: FLY91 में उड़ाएंगे यात्री विमान; पुलवामा हमले में पाकिस्तानी जेट को गिराया था
भारत। इंडियन एयरफोर्स के पूर्व ग्रुप कैप्टन और वीर चक्र विजेता अभिनंदन वर्धमान ने रिटायरमेंट लेकर प्राइवेट एयरलाइन जॉइन कर ली है। अधिकारियों के मुताबिक, उन्होंने 31 मार्च 2026 को वायुसेना छोड़ी।
इसके बाद अगस्त में क्षेत्रीय एयरलाइन FLY91 से जुड़ गए। यहां अभिनंदन की भूमिका कमर्शियल यात्री विमान के पायलट की होगी। दो दशक एयरफोर्स में सेवा देने के बाद यह उनके करियर की नई पारी है।
फाइटर जेट F-16 गिराने के बाद सुर्खियों में आए
अभिनंदन 27 फरवरी 2019 को पाकिस्तानी फाइटर जेट F-16 गिराने के बाद सुर्खियों में आए थे। इस दौरान उनका MiG-21 मिसाइल की चपेट में आ गया और उन्हें इजेक्ट होकर पाकिस्तान के कब्जे वाले इलाके में उतरना पड़ा। पाकिस्तान ने करीब 60 घंटे हिरासत में रखने के बाद 1 मार्च 2019 को उन्हें भारत को सौंप दिया था।
पुलवामा हमले के बाद शुरू हुआ था ऑपरेशन
14 फरवरी 2019 को पुलवामा में CRPF के काफिले पर आतंकी हमला हुआ था। इसमें 40 जवान शहीद हुए थे। इसके जवाब में भारत ने 26 फरवरी को पाकिस्तान के बालाकोट में एयरस्ट्राइक की थी। इसके अगले दिन पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों का एक बड़ा दल LoC की ओर बढ़ा। उस समय अभिनंदन श्रीनगर एयरफोर्स स्टेशन पर MiG-21 बाइसन स्क्वाड्रन में तैनात थे। वह ऑपरेशनल रेडीनेस ड्यूटी पर थे।
दुश्मन विमान को मार गिराया
पाकिस्तानी विमानों का पता चलने के पांच मिनट बाद अभिनंदन को उन्हें रोकने के लिए भेजा गया। आधिकारिक प्रशस्ति-पत्र के मुताबिक, उन्होंने पीछे हट रहे एक दुश्मन विमान का पीछा किया और हवाई लड़ाई में उसे मार गिराया।
MiG-21 पर हमले के बाद पैराशूट से पाकिस्तान में उतरे अभिनंदन
हवाई लड़ाई के दौरान पाकिस्तानी विमान ने कई बियॉन्ड विजुअल रेंज (BVR) मिसाइलें दागीं। इनमें से एक मिसाइल अभिनंदन के विमान से टकराई। विमान को नुकसान पहुंचने के बाद अभिनंदन ने इजेक्ट किया। वह पैराशूट से पाकिस्तान के इलाके में उतरे, जहां उन्हें पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने पकड़ लिया। हालांकि, 1 मार्च 2019 को अभिनंदन पाकिस्तान से सुरक्षित भारत लौट आए थे।