| |

दीवार खोदकर घर में घुसे चोर: कालाखुंट में चोरी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार; 1.06 लाख का माल बरामद

झाबुआ। ग्राम कालाखुंट में दीवार खोदकर घर में चोरी करने के मामले में झाबुआ पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चांदी के आभूषण, पानी की मोटर के वायर का बंडल और वारदात में इस्तेमाल बाइक सहित 1 लाख 6 हजार 500 रुपए का माल बरामद किया है।

रात में दीवार खोदकर घर में घुसे थे
घटना 19 अगस्त की रात की है। कालाखुंट निवासी चुनकीबाई अपने परिवार के साथ घर में सो रही थीं। रात करीब ढाई बजे घर के पीछे की दीवार खोदने की आवाज सुनाई दी। परिवार के लोगों ने उठकर देखा तो एक व्यक्ति घर से बाहर जाता दिखाई दिया।

घर की तलाशी लेने पर ड्रम में रखी नकदी, जमीन में गाड़कर रखे चांदी के आभूषण और खेत में रखी पानी की मोटर के वायर का बंडल गायब मिला। शिकायत पर कोतवाली झाबुआ पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

जंगल में घेराबंदी कर पकड़े तीनों आरोपी
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम बनाई। तकनीकी जांच और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने टिटकीखेड़ा के जंगल में घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने कालाखुंट में चोरी की वारदात करना स्वीकार किया।

तीनों आरोपी झाबुआ जिले के रहने वाले
पुलिस ने सुरेश पिता कालिया मचार, निवासी नवा फलिया फुलेड़ी, दीवान पिता गौरसिंह गुंडिया, निवासी मंदिर फलिया फुलेड़ी और लाला पिता मोहन सिगाड़िया, निवासी डुन्डका को गिरफ्तार किया है।आरोपी दीवान गुंडिया का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ मेघनगर और पेटलावद थाने में आर्म्स एक्ट और चोरी के मामले दर्ज हैं।

रिमांड पर लेकर अन्य वारदातों की पूछताछ
तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उनसे जिले में हुई अन्य चोरी की वारदातों के बारे में भी पूछताछ कर रही है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आरसी भास्करे, चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक बघेल और पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपालसिंह मोहबिया और एसडीओपी कमलेश शर्मा के मार्गदर्शन में की गई।

Share