एक पेड़ मां के नाम अभियान में पौधरोपण: विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने लिया हिस्सा; पौधों के संरक्षण का लिया संकल्प

झाबुआ। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड झाबुआ की ओर से रौनक एक्सीलेंसी इंग्लिश मीडियम स्कूल, करड़ावद छोटी में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रस्फुटन समिति के सहयोग से हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों, स्कूल स्टाफ, समिति सदस्यों और ग्रामीणों ने उत्साह से पौधे लगाए।
हर व्यक्ति लगाए कम से कम एक पौधा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला समन्वयक प्रेमसिंह चौहान ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से शासन द्वारा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को हरा-भरा रखने के लिए हर व्यक्ति को साल में कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए। पौधा लगाने के साथ उसकी नियमित देखभाल और सुरक्षा भी जरूरी है।

पौधे लगाने के साथ संरक्षण का संकल्प जरूरी
चौहान ने कहा कि पौधे मानव जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। पेड़ हमें ऑक्सीजन, फल और लकड़ी देने के साथ मिट्टी के कटाव को रोकने और जल संरक्षण में भी मदद करते हैं। उन्होंने लोगों से जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ और अन्य विशेष अवसरों के साथ पूर्वजों की जन्म-जयंती एवं पुण्यतिथि पर भी पौधरोपण करने की अपील की।
माय भारत ऐप पर अपलोड कर सकेंगे गतिविधि
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत किए गए पौधरोपण की गतिविधियों को माय भारत ऐप के माध्यम से अपलोड किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के बाद उनके संरक्षण का संकल्प लेने से आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, स्वस्थ और हरा-भरा वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा।

ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने लिया संकल्प
विकासखंड समन्वयक तोलिया डामोर ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। मेंटर एवं संस्था प्रमुख प्रकाश मेडा ने विद्यार्थियों, समिति सदस्यों और ग्रामीणों को रोपे गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में बड़ी करड़ावद के सरपंच हेमचंद डामोर, प्रस्फुटन समिति के सदस्य, सीएमसीएलडीपी छात्रा संगीता भाबोर व पिंकू मेडा, विद्यालय स्टाफ और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।