धार में टैक्स के लिए सरपंच का आमरण अनशन: सोया प्लांट-वंडर सीमेंट से 7 मांगों पर मिला आश्वासन; कंपनी ने सहयोग का दिया भरोसा

धार। औद्योगिक क्षेत्र खेरवास में सोया प्लांट और वंडर सीमेंट फैक्ट्री को लेकर मंगलवार को ग्राम पंचायत की ओर से धरना दिया गया। ग्राम पंचायत को संपत्ति कर नहीं मिलने सहित 7 मांगों को लेकर सरपंच रेखा मालवीय धरने पर बैठीं। उनके प्रतिनिधि रजनीश मालवीय ने आमरण अनशन शुरू किया था।
दोपहर करीब डेढ़ बजे SDM प्रियंका मीमरोट और तहसीलदार सुरेश नागर मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने सरपंच और ग्रामीणों से चर्चा की। इस दौरान सोया प्लांट और वंडर सीमेंट के अधिकारी भी मौजूद रहे।
कंपनियों ने विकास में सहयोग का दिया भरोसा
चर्चा के दौरान दोनों कंपनियों के अधिकारियों ने गांव के विकास में सहयोग करने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने नियमानुसार काम करने की बात कही। साथ ही स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसरों में प्राथमिकता देने का भी भरोसा दिलाया। आश्वासन के बाद एसडीएम और तहसीलदार ने सरपंच रेखा मालवीय और उनके प्रतिनिधि रजनीश मालवीय को जूस पिलाकर धरना और आमरण अनशन खत्म करवाया।

संपत्ति कर और बकाया राशि जमा करने की मांग
सरपंच ने ग्राम पंचायत का संपत्ति कर और बकाया राशि जमा कराने की मांग की थी। इसके अलावा विस्थापित बस्ती में सीमेंट-कांक्रीट रोड और नाली निर्माण की मांग भी रखी गई थी। सामुदायिक भवन का नियमानुसार किराया देने और क्षतिग्रस्त भवन की मरम्मत कराने की मांग भी शामिल थी। आंगनवाड़ी भवन को हुए नुकसान की भरपाई की मांग की गई।

प्रदूषित पानी और रोजगार का मुद्दा भी उठाया
फैक्ट्री से निकलने वाले प्रदूषित पानी के उचित निस्तारण की मांग भी रखी गई। विस्थापित परिवारों को पात्रता के अनुसार रोजगार देने की मांग की गई। इसके साथ ही सोया प्लांट में स्थानीय ग्रामीणों को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग प्रमुख रही।
बुधवार को तय होगी विकास कार्यों की रूपरेखा
SDM प्रियंका मीमरोट ने बताया कि पंचायत जनप्रतिनिधियों और दोनों कंपनियों के अधिकारियों से चर्चा के बाद धरना समाप्त करवाया गया है। बुधवार को कंपनी और पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में गांव में विकास कार्यों को लेकर रूपरेखा तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि गांव में होने वाले काम नियमानुसार करवाए जाएंगे। पंचायत की मांगों और ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर प्रशासन आगे भी निगरानी रखेगा।