उज्जैन में काली नंद गिरी पर दर्ज हुई FIR: हिरासत में लेगी पुलिस; जलती चिता से मानव अवशेष निकालने का शेयर किया था VIDEO

उज्जैन। काली उर्फ नंद गिरि के खिलाफ जीवाजीगंज पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। पुलिस उन्हें जल्द हिरासत में लेने की तैयारी कर रही है। यह कार्रवाई चक्रतीर्थ श्मशान घाट से सामने आए उस वीडियो के बाद हुई, जिसमें काली उर्फ नंद गिरि जलती चिता के पास तलवार लेकर पहुंचती है। चिता से एक टुकड़ा निकालती है। उसे मानव मांस बताकर खाती है।
इस मामले को प्रदेश प्रकाश ने प्रमुखता से उठाते हुए खबर प्रकाशित की थी। वीडियो वायरल होने के बाद संत समाज और आम लोगों की भी नाराजगी सामने आई थी। मामले में अघोरी अखाड़े की ओर से पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई। शिकायत और वीडियो की जांच के बाद पुलिस ने BNS की धारा 301 के तहत मामला दर्ज किया है।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया था वीडियो
बताया जा रहा है कि यह वीडियो काली उर्फ नंद गिरि ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया था। वीडियो में वह कथित रूप से निकाली गई सामग्री को गर्म और स्वादिष्ट बताती हैं और लोगों को उनसे बचकर रहने की बात कहती दिखाई देती हैं। वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।

संत समाज ने जताई नाराजगी
वीडियो सामने आने के बाद संत समाज की ओर से भी तीखी प्रतिक्रिया सामने आई। महामंडलेश्वर शैलेशानंद गिरि ने कहा कि अघोर परंपरा की अपनी मर्यादा और साधना पद्धति है। इस तरह की गतिविधियों को सार्वजनिक रूप से सोशल मीडिया पर प्रदर्शित करना उचित नहीं है। उन्होंने इसे अघोर परंपरा की मर्यादा के विपरीत बताया।
अघोरी अखाड़े ने की थी शिकायत
अघोरी अखाड़े के पीठाधीश्वर एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़ेश्वरी अघोरी बाबा विष्णुनाथ ने मामले को लेकर पुलिस से शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि जलती चिता और कथित मानव अवशेषों के साथ धारदार हथियार से छेड़छाड़ की गई। शिकायतकर्ता ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की थी।

दूसरा वीडियो भी करा वायरल
वायरल वीडियो विवाद के बाद काली नंद गिरी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से पुराना वीडियो हटा दिया। इसके बाद श्मशान में बनाया गया एक और वीडियो सामने आया, जिसमें वह चिता की राख शरीर पर लगाती नजर आ रही हैं। वीडियो में वह आलोचना करने वालों को चुनौती देते हुए कथित तौर पर धमकी देती सुनाई दे रही हैं। उन्होंने कहा कि वह चक्रतीर्थ में रहती हैं और विरोध करने वालों से निपटने के लिए तैयार हैं।

बोली थी- इंसान की मांस बहुत टेस्टी
वायरल वीडियो को लेकर बताया जा रहा है कि इसे काली उर्फ नंद गिरी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से साझा किया था। बाद में वीडियो को सोशल मीडिया से हटा दिया गया, हालांकि इससे पहले इसे बड़ी संख्या में लोग देख चुके थे। वीडियो में कथित तौर पर अघोरी साध्वी चिता के पास आपत्तिजनक और विवादित बातें करती नजर आती हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं और पुलिस कार्रवाई की मांग उठी।

पहले भी विवादों में रह चुकी हैं
काली नंद गिरि इससे पहले भी अखाड़े से जुड़े विवाद को लेकर चर्चा में रह चुकी हैं। मई 2026 में सामने आई रिपोर्टों के अनुसार इंटरनेशनल किन्नर अखाड़े की प्रमुख सतीनंद गिरि ने उन्हें महामंडलेश्वर पद और अखाड़े की सदस्यता से हटाने की बात कही थी।
