| |

देवास में कांग्रेस ने कोतवाली थाने का किया घेराव: हल्द्वानी शुद्धिकरण यज्ञ का कर रहे विरोध; शहर अध्यक्ष बोले- दलित समाज का अपमान

देवास। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी दौरे के बाद शुद्धिकरण यज्ञ को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। मामले के विरोध में जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष गौतम के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को देवास के कोतवाली थाने पर धरना दिया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे के भाषण के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल का शुद्धिकरण करने के नाम पर यज्ञ किया। कांग्रेस ने इसे दलित समाज का अपमान बताया।

राहुल गांधी पर FIR को लेकर भी नाराजगी
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि शुद्धिकरण यज्ञ का राहुल गांधी ने विरोध किया था, जिसके बाद उल्टा उन्हीं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ बताते हुए विरोध जताया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “यह खड़गे जी ही नहीं, पूरे दलित समाज का अपमान है। लोकतंत्र में फरियादी को ही मुल्जिम बनाया जा रहा है।”

TI को सौंपा ज्ञापन
धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कोतवाली थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। इसमें भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत जीरो पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कथित शुद्धिकरण यज्ञ को लेकर की गई कार्रवाई से समाज में गलत संदेश गया है। पार्टी ने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।

Share