देवास में अवैध शराब बिक्री से लोग परेशान: क्षेत्र में जगह-जगह खाली बोतलें और प्लास्टिक; रहवासी बोले- कारोबारियों पर कार्रवाई हो

हाटपिपल्या (देवास)। नगर में अवैध और कच्ची शराब की बिक्री को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। वार्ड क्रमांक 11 निवासी राजेश गोलिया ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर मामले को सामने रखा है। उन्होंने शासन-प्रशासन से अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, देवगढ़ चौराहा स्थित कॉम्प्लेक्स और आसपास के सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराबखोरी हो रही है। लोग टॉयलेट और खुले क्षेत्रों में शराब पी रहे हैं। इन जगहों पर खाली बोतलें, क्वार्टर और प्लास्टिक की थैलियां पड़ी हुई हैं। इससे क्षेत्र का माहौल खराब होने के साथ स्वास्थ्य संबंधी खतरा भी बना हुआ है।

आबकारी विभाग पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अवैध और कच्ची शराब की बिक्री के बावजूद आबकारी विभाग की ओर से कार्रवाई नहीं की जा रही है। मामले में विभाग का पक्ष जानने के लिए जिला आबकारी विभाग से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया। हालांकि, संपर्क नहीं हो सका।

क्षेत्रवासियों ने कहा- शराब के कारोबारियों पर कार्रवाई हो
क्षेत्रवासियों ने हाटपिपल्या नगर और देवगढ़ चौराहा क्षेत्र में अवैध और कच्ची शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है।सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गई है। लोगों ने पुलिस और आबकारी विभाग से अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।