झाबुआ के सरकारी स्कूलों में शिक्षक नहीं, छतों से टपकता पानी: AAP कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट घेरा; SDM को सौंपा ज्ञापन

झाबुआ। सरकारी शिक्षा व्यवस्था और समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी ने प्रदर्शन किया। आप कार्यकर्ता अम्बेडकर गार्डन से नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स गिराते हुए परिसर में प्रवेश किया। आप नेताओं ने ग्रामीण और क्षेत्रों के स्कूलों में शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि कई स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं।
स्कूलों में छात्रों की संख्या के हिसाब से पर्याप्त शिक्षक नहीं हैं। इसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। पार्टी ने ऐसे स्कूलों में जल्द शिक्षकों की नियुक्ति करने की मांग की।
प्रदर्शन प्रदेश सचिव कोमलसिंह डामोर, प्रदेश संगठन मंत्री रालू निनामा और जिलाध्यक्ष कमलेश सिंगाड़ के नेतृत्व में किया गया। कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने एसडीएम महेश मंडलोई को ज्ञापन सौंपा।
जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत की मांग
प्रदर्शनकारियों ने जिले के कई सरकारी स्कूलों के जर्जर भवनों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान कई स्कूलों की छतों से पानी टपकता है। ऐसे भवनों की तत्काल मरम्मत और जीर्णोद्धार कराने की मांग की गई।
ज्ञापन में स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की कमी का भी जिक्र किया गया। प्रदर्शनकारियों ने स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था करने की मांग की। पर्याप्त शौचालय उपलब्ध कराने की भी मांग रखी गई। इसके अलावा स्कूलों में बिजली और पंखों की व्यवस्था करने को कहा गया।

बच्चों को अब तक नहीं मिली गणवेश
आप नेताओं ने प्राथमिक स्कूलों के बच्चों को गणवेश नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया।उन्होंने जल्द से जल्द बच्चों को गणवेश वितरित करने की मांग की। पार्टी ने गरीब और ग्रामीण परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने की मांग की।
मांगें नहीं मानी तो आंदोलन की चेतावनी
आम आदमी पार्टी ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाना चाहिए। पार्टी ने प्रशासन से सभी मांगों पर जल्द कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो आम आदमी पार्टी उग्र आंदोलन करेगी।