| | |

रीवा में गर्भवती की मौत पर कांग्रेस में मतभेद: अभय मिश्रा बोले- महापौर धरने पर बैठें; अजय मिश्रा बाबा ने कहा- पार्टी तय करेगी आंदोलन

रीवा। गर्भवती कल्पना मिश्रा और उनके गर्भ में पल रहे नवजात की मौत के मामले में राजनीतिक बहस भी शुरू हो गई है। जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी कल्पना मिश्रा की मौत को लेकर सरकार से सवाल उठा चुके हैं।

कल्पना मिश्रा को सर्जरी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनकी और उनके गर्भ में पल रहे नवजात की मौत हो गई। मामले में अब तक दो स्टाफ नर्स और दो डॉक्टरों को निलंबित किया जा चुका है।

मौत से पहले गर्भवती का वीडियो सामने आया था। इसमें कल्पना मिश्रा इलाज की व्यवस्था को लेकर आशंकित नजर आई थीं। उन्होंने कहा था कि “ये लोग मुझे मार डालेंगे।”

अधीक्षक का विवादित बयान 
इस वीडियो के सामने आने के बाद अस्पताल की इलाज प्रणाली और मरीजों के भरोसे को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए। वहीं मामले में अस्पताल अधीक्षक का एक विवादित वीडियो/बयान भी सामने आया, जिसने विवाद को और बढ़ा दिया।

नेता प्रतिपक्ष ने पूछे सवाल 
मामला इतना बढ़ा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी कल्पना मिश्रा की मौत को लेकर सरकार से सवाल उठा चुके हैं। लगातार उठते सवालों और कार्रवाई के बीच अब कांग्रेस के स्थानीय नेताओं के बीच ही आंदोलन के तरीके को लेकर मतभेद सामने आए हैं।

धरने पर बैठेंगे
कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि कांग्रेस महापौर अजय मिश्रा बाबा इस मामले में धरने पर बैठेंगे और जब तक जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं हो जाती, तब तक धरने पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि अजय मिश्रा बाबा रीवा के प्रथम नागरिक हैं, इसलिए उन्हें अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। अगले विधानसभा चुनाव के लिए रीवा से उनकी दावेदारी है। ऐसे में जनता से जुड़े इस गंभीर मामले में उन्हें आगे आकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

कांग्रेस की दो अलग-अलग प्रेस कॉन्फ्रेंस
अभय मिश्रा के बयान के बाद कांग्रेस में दो अलग-अलग प्रेस वार्ताएं। विधायक अभय मिश्रा की ओर से अलग प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई, जबकि जिला कांग्रेस अध्यक्ष इंजीनियर राजेंद्र शर्मा और महापौर अजय मिश्रा बाबा ने संयुक्त रूप से अलग प्रेस वार्ता कर अपना पक्ष रखा। दोनों पक्षों की अलग-अलग प्रेस वार्ता ने कांग्रेस के भीतर चल रही सियासी खींचतान को खुलकर सामने ला दिया।

धरने पर बैठना अभय मिश्रा के व्यक्तिगत विचार
जिला कांग्रेस अध्यक्ष इंजीनियर राजेंद्र शर्मा और महापौर अजय मिश्रा बाबा ने कहा कि महापौर के धरने पर बैठने की पेशकश विधायक अभय मिश्रा के व्यक्तिगत विचार हो सकते हैं। पार्टी की गाइडलाइन और संगठन के निर्णय के अनुसार ही इस मामले में आंदोलन तय किया जाएगा।

Share