सतवास मामले में कार्रवाई नहीं होने पर भड़का परिवार: जनविश्वास शिविर में कलेक्टर-SP के सामने जताया विरोध; भोपाल तक पदयात्रा की चेतावनी

देवास। कन्नौद में शनिवार को आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर में सतवास मामले को लेकर हंगामा हो गया। पीड़ित परिवार ने प्रशासन के सामने अपना विरोध दर्ज कराया। परिवार का आरोप है कि मामले में कई महीने बीतने के बाद भी अब तक जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं हुई है।
पीड़ित परिवार ने शिविर में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के सामने अपनी नाराजगी जताई। परिवार का कहना था कि उन्हें लगातार कार्रवाई का आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित परिवार बोला- सिर्फ आश्वासन मिल रहे
परिजनों ने आरोप लगाया कि सतवास में आग लगाकर आत्महत्या करने के मामले में जिम्मेदार लोगों को बचाया जा रहा है। परिवार ने मामले में जिम्मेदार तहसीलदार सहित अन्य लोगों की भूमिका की जांच और कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने कहा कि वे लंबे समय से न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं। अब उन्हें सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि कार्रवाई चाहिए।

कलेक्टर-SP ने 15 सितंबर तक कार्रवाई का भरोसा दिया
मामला सामने आने के बाद कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने परिवार को कार्रवाई का भरोसा दिया। अधिकारियों ने 15 सितंबर तक मामले में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। शिविर के दौरान स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गई। पुलिस और प्रशासन की टीम ने पीड़ित परिवार को मौके से हटाया।
17 सितंबर से भोपाल तक पदयात्रा की चेतावनी
पीड़ित परिवार ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर 15 सितंबर तक कार्रवाई नहीं हुई तो वे 17 सितंबर से भोपाल तक पदयात्रा करेंगे। परिवार का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से मुख्यमंत्री निवास तक पैदल जाकर न्याय की मांग करेंगे। परिजनों ने कहा कि अब वे कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं। तय समय में कार्रवाई नहीं होने पर पदयात्रा शुरू करने की बात कही है।