| |

इंदौर में जलभराव से मिलेगी राहत: स्टॉर्म वाटर लाइन को मिली मंजूरी; 140 परिवारों को बारिश में नहीं झेलना पड़ेगा पानी भरने का संकट

इंदौर। बारिश में जलभराव की समस्या से परेशान वृंदावन कॉलोनी के रहवासियों के लिए राहत की खबर है। वार्ड 51 की कॉलोनी में स्टॉर्म वाटर लाइन डालने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। इससे करीब 140 परिवारों को फायदा होगा। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बिल्डिंग कमेटी के सदस्यों के साथ कॉलोनी का निरीक्षण किया। इस दौरान हर साल बारिश में होने वाले जलभराव की समस्या पर चर्चा हुई।

स्टॉर्म वाटर लाइन का प्रेजेंटेशन दिया
महापौर ने बताया कि कॉलोनी में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे। इसके लिए स्टॉर्म वाटर नेटवर्क बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया था। निरीक्षण के दौरान बिल्डिंग कमेटी के सामने इसका प्रेजेंटेशन दिया गया। इसके बाद प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई।

पानी सीधे पिपल्याना तालाब में जाएगा
महापौर के मुताबिक स्टॉर्म वाटर लाइन के जरिए बारिश का पानी कॉलोनी से बाहर निकाला जाएगा। इस पानी को पिपल्याना तालाब में मिलाया जाएगा। इस व्यवस्था के बाद बारिश का पानी सड़कों और घरों में भरने के बजाय सीधे लाइन के जरिए बाहर निकल सकेगा। इससे हर साल होने वाली जलभराव की समस्या से रहवासियों को काफी राहत मिलेगी।

Share