उमरिया के घुनघुटी जंगल से सड़क पर आया बाघ: कार के आगे-पीछे घूमता रहा; NH पर 2 घंटे तक रहा मूवमेंट

उमरिया। घुनघुटी के जंगल से शुक्रवार शाम एक बाघ सड़क पर आ गया। बाघ शहडोल से घुनघुटी के बीच जंगल ढाबा के पास नेशनल हाईवे पार कर रहा था। बाघ को सड़क पर देखकर राहगीरों की नजर उस पर टिक गई। कई लोग कार में बैठकर उसका वीडियो बनाने लगे। इसी दौरान बाघ अचानक गुस्से में नजर आया। वह कार की ओर दौड़ने लगा। इससे मौके पर मौजूद लोगों में डर का माहौल बन गया।
कार के आगे-पीछे घूमता रहा बाघ
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाघ काफी देर तक सड़क पर रहा। वह कार के आगे-पीछे घूमता नजर आया। इस दौरान बाघ बार-बार मुंह खोल रहा था। उसकी हरकतें देखकर राहगीर सहम गए। लोगों को डर था कि बाघ अचानक कार पर हमला कर सकता है। हालांकि, कार में बैठे लोगों ने दूरी बनाए रखी। मौके पर मौजूद लोगों और शिकारियों की नजर भी लगातार बाघ पर बनी रही।

मोबाइल में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम
बाघ के सड़क पर आने के बाद कई राहगीरों ने मोबाइल से वीडियो बनाया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इंस्टाग्राम और फेसबुक पर बाघ को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटने की बात सामने आई है। वीडियो में बाघ कार के आसपास घूमता और उसकी ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है।
घुनघुटी के आसपास लगातार दिख रहा मूवमेंट
घुनघुटी के आसपास के जंगल और सड़कों पर बाघ का मूवमेंट लगातार सामने आ रहा है। शुक्रवार शाम करीब 5 बजे से 7 बजे के बीच बाघ ने नेशनल हाईवे पार किया। बाघ के सड़क पर आने से राहगीरों में दहशत का माहौल है।
लोगों का कहना है कि वन विभाग को इस इलाके में बाघ के मूवमेंट को देखते हुए निगरानी बढ़ानी चाहिए। अब देखना होगा कि घुनघुटी वन विभाग बाघ के लगातार सड़क और आसपास के इलाकों में आने को लेकर क्या कदम उठाता है।