पीथमपुर में ट्रक ड्राइवर को गाड़ी ने मारी टक्कर: मौके पर हुई मौत; सड़क पार करने के लिए खड़ा था

पीथमपुर। महू-नीमच रोड पर अकोलिया स्थित जियो पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार गाड़ी की टक्कर से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बिलासपुर निवासी भैय्या लाल (पिता घनश्याम) के रूप में हुई है। भईया लाल ट्रक ड्राइवर है।
सड़क पार करने के लिए किनारे खड़े थे
हादसे के समय भैय्या लाल सड़क पार करने के लिए किनारे पर खड़े थे। इसी दौरान एक अनियंत्रित गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई। टक्कर मारने के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
घटनास्थल पर पहुंची डायल-112 की टीम
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची। उन्होंने तत्काल पुलिस थाना सेक्टर नंबर-1 को सूचित किया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेज दिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने मृतक के परिजनों को दुर्घटना की जानकारी दे दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसका उद्देश्य फरार वाहन और उसके चालक का पता लगाकर कानूनी कार्रवाई करना है।