|

कुराश में आयत और साईमा ने जीता स्वर्ण: 40 स्कूलों के 230 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

इंदौर। सेंट उमर की आयत अंसारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वेदांश इंटरनेशनल स्कूल कैंपस-3 में आयोजित अंतर विद्यालयीन शालेय कुराश प्रतियोगिता के अंडर-14 बालिका वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित इस स्पर्धा में सेंट उमर की साईमा अंसारी और अक्शीन फातिमा ने भी स्वर्णिम सफलता हासिल की।

बालिका वर्ग में खिलाड़ियों ने जीते पदक
अंडर-14 बालिका 28 किग्रा में जुपिटर की कुमकुम राठौर ने रजत पदक जीता, जबकि 32 किग्रा में जुपिटर की तृशा चौहान ने भी रजत पदक हासिल किया। 36 किग्रा वर्ग में चोइथराम की मायरा चौरसिया ने स्वर्ण, सेंट रैफस्स की आरोही राठौर ने रजत और आईपीएस की रक्षिता हाडा व विवेका चौहान ने कांस्य पदक हासिल किया।

आईपीएस के रुद्र बने विजेता
अंडर-14 बालक 25 किग्रा वर्ग में आईपीएस के रूद्र प्रताप ने स्वर्ण और सेंट उमर एकेडमी के फरजान अंसारी ने रजत पदक हासिल किया। 30 किग्रा में अहमद मंसूरी, 35 किग्रा में अर्जव जैन और 40 किग्रा में ब्रिलियंट स्कूल के अंश यादव ने खिताबी जीत हासिल करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

40 स्कूलों के 230 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
स्पर्धा में 40 स्कूलों के 230 बालक-बालिकाओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता का संचालन मप्र एमेच्योर कुराश संघ के सचिव राहुल व्यास, उपाध्यक्ष गोपाल पालिवाल एवं जिला कुराश संघ के सचिव कैलाश बाथम के तकनीकी मार्गदर्शन में हुआ। निर्णायक की भूमिका महेश परोहित और दीपक कुमार ने निभाई।

Share