| |

सर्विस रोड पर अध्यक्ष चिंटू चौकसे कांग्रेस की रील पर पलटवार: भाजपा बोली- शहर की छवि धूमिल न करें; जल्द बनेगी सीसी रोड

इंदौर। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे द्वारा सर्विस रोड को लेकर सोशल मीडिया पर डाली गई रील पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि कांग्रेस को विकास कार्यों को लेकर भ्रम फैलाने के बजाय नगर निगम के काम में सहयोग करना चाहिए। रिंग रोड से लगी सर्विस रोड पर भारी और व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही और बारिश के कारण कुछ हिस्सों में गड्ढे हुए हैं। इसी हिस्से में चौकसे ने अपनी गाड़ी फंसाकर वीडियो बनाया था।

भाजपा के अनुसार, क्षेत्रीय पार्षद बालमुकुंद सोनी पिछले चार दिनों से सड़क के सुधार कार्य में लगे हैं। बुधवार को पार्षद और निगम अधिकारियों के साथ पूरे मार्ग का निरीक्षण किया गया। बॉम्बे हॉस्पिटल से निपनिया चौराहे तक की इस सर्विस रोड पर पहले करीब 1 करोड़ 90 लाख रुपए की लागत से बड़ी ड्रेनेज लाइन डाली गई थी। इससे स्कीम नंबर 94, अनुराग नगर और गुलाब बाग कॉलोनी की ड्रेनेज लाइन को स्कीम नंबर 114 पार्ट-2 की लाइन से जोड़ा गया था।

ड्रेनेज के काम से सड़क खराब हो गई थी
ड्रेनेज लाइन डालने के दौरान पहले से बनी डामर सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बाद नागरिकों की सुविधा के लिए सड़क का सुधार कार्य शुरू किया गया। आधे से ज्यादा हिस्से में जीएसबी डालने का काम पूरा हो चुका है। बाकी हिस्से का काम भी जल्द पूरा करने की बात कही गई है।

सीसी रोड का काम जल्द होगा शुरू
सर्विस रोड को सीमेंट-कंक्रीट रोड में बदलने की प्रक्रिया भी चल रही है। महापौर ने मामले को संज्ञान में लेते हुए निगमायुक्त को टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी करने और सीसी रोड का निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। भाजपा ने कांग्रेस से कहा कि शहर के विकास कार्यों को लेकर भ्रम फैलाने के बजाय निर्माण कार्यों में सहयोग करे और शहर की छवि खराब करने से बचे।

Share