कटनी में लमतरा इंडस्ट्रियल एरिया में ट्रक से डीजल की लूटा: CCTV में हुए कैद; चौकीदार को दी जान से मारने की धमकी

कटनी। लमतरा इंडस्ट्रियल एरिया में बदमाशों की दबंगई का मामला सामने आया है। पांडे इंडस्ट्रीज के मुख्य गेट के सामने खड़े ट्रक से बदमाशों ने डीजल लूट लिया। घटना सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है। पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में बदमाश ट्रक से पाइप और डिब्बों की मदद से डीजल निकालते नजर आ रहे हैं।
घटना के दौरान वहां तैनात चौकीदार ने बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि बदमाशों ने उसके साथ बदसलूकी की। चौकीदार को लाठी-डंडे दिखाकर डराया गया। इसके बाद उसे जान से मारने की धमकी दी गई। धमकी के बाद चौकीदार पीछे हट गया। बदमाश डीजल लेकर मौके से फरार हो गए।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
बताया जा रहा है कि पांडे इंडस्ट्रीज के गेट पर लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में बदमाश बेखौफ होकर ट्रक से डीजल निकालते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद इंडस्ट्रियल एरिया की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। सुबह के समय हुई इस वारदात ने पुलिस गश्त पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

उद्योगपतियों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
स्थानीय उद्योगपतियों और वाहन चालकों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द पहचान करने की मांग की है। उन्होंने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों को पकड़ने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय हैं।
पुलिस को नियमित गश्त बढ़ानी चाहिए। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ लूट और धमकी सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की मांग की है। साथ ही औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी उठाई है।