|

झाबुआ में मेमू ट्रेन में पैर रखने की जगह नहीं: गेट पर लटककर सफर कर रहे यात्री; राखी पर और बढ़ेगी भीड़

झाबुआ। त्योहारी सीजन शुरू होते ही ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। क्षेत्र की लाइफलाइन कही जाने वाली मेमू ट्रेन में इन दिनों यात्रियों का भारी दबाव है। स्थिति यह है कि ट्रेन के अंदर पैर रखने तक की जगह नहीं मिल रही है। सुबह और शाम के समय भीड़ और ज्यादा बढ़ जाती है। बड़ी संख्या में यात्री ट्रेन में सवार होने के लिए पहुंचते हैं। क्षमता से अधिक भीड़ के कारण यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

गेट पर खड़े होकर सफर करने को मजबूर यात्री
मेमू ट्रेन में भीड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई यात्रियों को गेट के पास खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है। कुछ यात्री मजबूरी में गेट पर लटककर भी सफर करते नजर आते हैं। इससे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

खासकर सुबह और शाम की ट्रेनों में स्थिति ज्यादा गंभीर रहती है। यात्रियों का कहना है कि त्योहारी सीजन को देखते हुए रेलवे को पहले से व्यवस्था करनी चाहिए। अतिरिक्त ट्रेन चलाने की जरूरत है। मौजूदा ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी लगाए जा सकते हैं।

राखी के चलते और बढ़ेगी भीड़
आगामी दिनों में भी ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। राखी के त्योहार को लेकर बड़ी संख्या में लोग अपने घरों और रिश्तेदारों के यहां पहुंचेंगे। ऐसे में मेमू ट्रेन में भीड़ और बढ़ सकती है। यात्रियों का कहना है कि रेलवे को समय रहते व्यवस्था में सुधार करना चाहिए। त्योहारी सीजन में बढ़ती भीड़ ने रेलवे की यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यात्रियों ने अतिरिक्त ट्रेन और कोच की व्यवस्था करने की मांग की है। अब देखना होगा कि रेलवे प्रशासन यात्रियों की परेशानी को कितनी गंभीरता से लेता है। साथ ही बढ़ती भीड़ को देखते हुए कब तक ठोस कदम उठाए जाते हैं।

Share