चाकू से जानलेवा हमला करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार: पुलिस ने निकाला जुलूस; हथियार भी बरामद

धार। नौगांव थाना क्षेत्र में चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का उसके निवास क्षेत्र में जुलूस निकाला। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।
पुरानी रंजिश में चाकू से किया हमला
पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त 2026 को नौगांव थाना क्षेत्र में शुभम उर्फ रोमियो (पिता भेरूलाल), निवासी रामपुर अमझेरा, हाल कैलाश नगर धार ने पुरानी रंजिश के चलते शुभम (पिता प्रकाश), निवासी रामनगर, धार पर चाकू से हमला कर दिया था।
हमले में फरियादी गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज कराया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 308/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 118(1), 299(A) और 351(3) के तहत केस दर्ज किया था।
कानवन के पास से पकड़ा गया
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी जानकारी और सूचना तंत्र की मदद से आरोपी का पता लगाया। इसके बाद कानवन के पास से शुभम उर्फ रोमियो को गिरफ्तार कर लिया गया।
थाने में पूछताछ के दौरान आरोपी ने चाकू से हमला करने की बात स्वीकार की। उसने पुलिस को बताया कि वारदात में इस्तेमाल चाकू उसने उटावड़ रोड के किनारे झाड़ियों में छिपाया है।
निशानदेही पर चाकू बरामद
पुलिस टीम आरोपी को लेकर उटावड़ रोड पहुंची। आरोपी की निशानदेही पर झाड़ियों से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया गया। हथियार बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25(बी) भी बढ़ाई है।
आरोपी का निकाला जुलूस
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को उसके निवास क्षेत्र में पैदल लेकर जुलूस निकाला। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।