सीहोर में कांवड़ यात्रा में श्रद्धालु को आया हार्ट अटैक: आधे घंटे तक नहीं पहुंची एंबुलेंस; डॉक्टर ने कंधे पर बैठाया

सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर में महाराष्ट्र के जलगांव से आए एक श्रद्धालु की अचानक तबीयत बिगड़ गई। मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर उसे हार्ट अटैक आ गया।
यात्रा में मध्य प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए हैं। कांवड़िये हर-हर महादेव के जयकारों के साथ कुबेरेश्वर धाम की ओर बढ़ रहे हैं।
भीड़ के कारण मरीज तक नहीं पहुंची एंबुलेंस
लोगों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण हाईवे पर करीब 100 मीटर दूर खड़ी एंबुलेंस मरीज तक नहीं पहुंच सकी।
आधे घंटे तक नहीं पहुंची एंबुलेंस, डॉक्टर ने कंधे पर बैठाया
आधे घंटे तक एंबुलेंस के मौके तक नहीं पहुंच पाने पर वहां मौजूद डॉक्टर ने श्रद्धालु को अपने कंधे पर बैठाया और पैदल चलकर हाईवे तक ले गए। इसके बाद मरीज को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया।
घाट पर जाने की रोक, पुल पर भरा जा रहा जल
कांवड़ यात्रा में भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं के सीवन नदी के घाट पर जाने पर रोक लगा दी है। कांवड़ियों के लिए पुल पर नलों से जल भरने की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालु यहीं से कांवड़ में जल भरकर कुबेरेश्वर धाम की ओर रवाना हो रहे हैं।कुबेरेश्वर धाम पहुंचने के बाद कांवड़िये सीवन नदी से लाए गए जल से भगवान कुबेरेश्वर महादेव का अभिषेक करेंगे।
1200 से ज्यादा जवान तैनात, 10 वॉच टावर से निगरानी
कांवड़ यात्रा की सुरक्षा के लिए 1200 से अधिक पुलिसकर्मियों और जवानों को तैनात किया गया है। प्रशासन 10 वॉच टावर के जरिए यात्रा और भीड़ पर नजर रख रहा है। कलेक्टर के आदेश के अनुसार यात्रा में डीजे ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। नदी तट पर सुरक्षा के लिए बोट और गोताखोर भी तैनात किए गए हैं।