झाबुआ में स्वरोजगार योजनाओं का लाभ: खाद्य उद्योग के लिए 7.15 लाख का लोन; स्ट्रीट वेंडर्स को भी मिली मदद

झाबुआ। जिला प्रशासन ने मंगलवार को साप्ताहिक जनसुनवाई के साथ स्वरोजगार दिवस का आयोजन किया। आयोजन कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशन में हुआ। इस दौरान अलग-अलग विभागों की स्वरोजगार योजनाओं का लाभ को कर्ज मंजूर पत्र दिए गए। बैंक के माध्यम से ऋण स्वीकृत होने के बाद हितग्राहियों को पत्र वितरित किए गए।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने हितग्राहियों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ लेकर अपना रोजगार शुरू करें। इससे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
स्वरोजगार दिवस पर विभिन्न विभागों ने योजनाओं की जानकारी दी। पात्र आवेदकों के प्रकरणों का परीक्षण किया गया। इसके बाद बैंकों के माध्यम से कर्ज मंजूर की प्रक्रिया पूरी की गई। स्वीकृत प्रकरणों में हितग्राहियों को कर्ज मंजूर पत्र दिए गए।

PMFME योजना में 7.15 लाख का कर्ज मंजूर
उद्यानिकी विभाग ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत दो हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र दिए। श्री गन्ना कटारा को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, झाबुआ के माध्यम से 3.55 लाख रुपए का ऋण स्वीकृत हुआ। वहीं श्री बदिया बारिया को 3.60 लाख रुपए का ऋण स्वीकृति पत्र दिया गया।
PM स्वनिधि योजना में 15-15 हजार रुपए
नगर पालिका परिषद झाबुआ ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत दो हितग्राहियों को लाभ दिया। श्री रामा मोरी और श्री प्रेमसिंह सिसोदिया को 15-15 हजार रुपए के ऋण स्वीकृति पत्र दिए गए। दोनों को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, राजवाड़ा शाखा के माध्यम से ऋण स्वीकृत हुआ।
टंट्या मामा योजना में एक लाख का कर्ज
मध्यप्रदेश आदिवासी वित्त एवं विकास निगम की टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना के तहत श्री शिवजी डामोर को एक लाख रुपए का ऋण स्वीकृत किया गया। ऋण स्वीकृति पत्र पंजाब नेशनल बैंक, झाबुआ के माध्यम से प्रदान किया गया।
समय पर प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कहा कि स्वरोजगार योजनाएं युवाओं, महिलाओं और जरूरतमंद लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का माध्यम हैं। उन्होंने अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिए। पात्र हितग्राहियों के प्रकरणों का समय पर निराकरण किया जाए। योजनाओं का लाभ भी जल्द उपलब्ध कराया जाए।
इस अवसर पर जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र की महाप्रबंधक पिंकी डिंडोर, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से कृष्णा रावत, एलडीएम, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
