पीथमपुर में 19 साल के मजदूर ने फांसी लगाई: कमरे में गमछे से लटका मिला शव; डायल 112 की टीम ने फंदे से उतारा

पीथमपुर। औद्योगिक नगरी पीथमपुर की जय नगर कॉलोनी में सोमवार को एक 19 वर्षीय युवक ने किराए के कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक का शव पंखे के हुक पर गमछे के सहारे लटका मिला। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान सत्यम पाटिल (19), पिता सतीश पाटिल के रूप में हुई है। सत्यम यहां अकेला किराए का कमरा लेकर रहता था और एक स्थानीय फैक्ट्री में मजदूरी करता था।

दोपहर 1:30 बजे पहुंची पुलिस टीम
दोपहर करीब 1:30 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि जय नगर स्थित एक कमरे में युवक फंदे पर लटका है। खबर मिलते ही 112 स्टाफ के मुकेश ओरासी और पायलट कुलदीप मकवाना मौके पर पहुंचे। दरवाजा खोलकर देखा तो युवक पंखे से लटका हुआ था।
बयान के बाद सामने आएगी वजह
पुलिस का कहना है कि मामला पहली नजर में आत्महत्या का लग रहा है। परिजनों को सूचना दे दी गई है, जिनके देर रात तक पीथमपुर पहुंचने की संभावना है। युवक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका खुलासा परिजनों के बयान और जांच के बाद ही हो पाएगा। शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मर्चुरी रूम में रखवा दिया गया है।