|

ओम सोनी दल प्रमुख और जयेश आचार्य मुख्य प्रशिक्षक नियुक्त

इंदौर। फिनलैंड के लाह्टी में 28 से 30 अगस्त तक खेली जाने वाली आईटीटीएफ विश्व पैरा फ्यूचर टेबल टेनिस चैंपियनशिप में भारतीय पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ियों का 28 सदस्यीय दल हिस्सा लेगा। स्पर्धा में भारतीय टेबल टेनिस महासंघ द्वारा मध्य प्रदेश के ओम सोनी को दल प्रमुख तथा जयेश आचार्य को मुख्य प्रशिक्षक नियुक्त किया गया है। भारतीय दल 26 अगस्त को दिल्ली से हेलसिंकी रवाना होगा।

सोनल पटेल और जे.डी. मदान भी टीम में
पैरा टेबल टेनिस प्रमोशन एसोसिएशन के महासचिव प्रमोद गंगराड़े ने बताया कि टीम में वर्तमान में विश्व की तृतीय वरीयता क्रम की खिलाड़ी ओलिंपियन सोनल पटेल तथा एशियन चैंपियनशिप कांस्य पदक विजेता जे.डी. मदान के साथ ही देश के विश्व वरीयता क्रम के अन्य खिलाड़ी शामिल होंगे।

ओम सोनी और जयेश पहले भी निभा चुके हैं जिम्मेदारी
ओम सोनी तथा जयेश आचार्य पूर्व में भी अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। रिंकु आचार्य को सहयोगी प्रशिक्षक तथा फिजियोथेरेपिस्ट पवन कारपेंटर को भी दल में शामिल किया गया है।

सोनी और जयेश की नियुक्ति तथा रिंकु के मनोनयन पर नरेन्द्र कौशिक, प्रमोद सोनी, प्रमोद गंगराड़े, अमित कोटिया, नीलेश वेद, गौरव पटेल और प्रतीक जैन ने शुभकामनाएं दीं।

 

Share