झाबुआ में अफसरों की लापरवाही पर कलेक्टर सख्त: 881 दिन पुरानी शिकायत मिली; जिम्मेदारों पर कार्रवाई के निर्देश

झाबुआ। सीएम हेल्पलाइन की रुकी शिकायतों को लेकर झाबुआ कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कार्रवाई की है। शनिवार को जिला स्तरीय ‘समाधान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कलेक्टर ने शिकायतकर्ताओं से सीधे बात की। संबंधित अधिकारियों से हर मामले की जानकारी ली।
लापरवाही मिलने पर कई अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कुछ मामलों में वेतन इंक्रीमेंट और विभागीय जांच के प्रस्ताव भेजने को कहा गया।
छह साल तक NPS कटौती, सहायक आयुक्त को नोटिस
जनजातीय कार्य विभाग की एक शिकायत 123 दिनों से लंबित थी। जांच में सामने आया कि 2019 में तीन कर्मचारियों की NPS कटौती शुरू की गई थी। आदेश 2020 में निरस्त हो गया था। इसके बावजूद मार्च 2026 तक कटौती जारी रही। कलेक्टर ने मामले में सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
छात्रवृत्ति की समस्या पर MPSEDC से फोन पर बात
नीलम वसुनिया की पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति की शिकायत 65 दिनों से लंबित थी। OTR की पुरानी और डुप्लीकेट प्रोफाइल के कारण समस्या सामने आई। कलेक्टर ने हितग्राही से बात की। इसके बाद MPSEDC से फोन पर चर्चा कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। सहायक आयुक्त सुप्रिया बिसेन को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
लाड़ली लक्ष्मी योजना में देरी पर वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश
गोपाल की शिकायत 130 दिनों से लंबित थी। उनकी बेटी का लाड़ली लक्ष्मी योजना में पंजीयन नहीं हुआ था। जांच में दस्तावेजों से जुड़ी कमी सामने आई। कलेक्टर ने लापरवाही पर संबंधित सेक्टर पर्यवेक्षक की वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश दिए।
संबल योजना के मामलों में भी कार्रवाई
संबल योजना से जुड़ी कैलाश गरवाल की शिकायत 60 दिनों से लंबित थी। तकनीकी समस्या के कारण आवेदन दर्ज नहीं हो पाया था। कलेक्टर ने श्रम विभाग को समस्या दूर करने के निर्देश दिए। श्रम पदाधिकारी निलेश डामोर को नोटिस जारी करने को कहा।
संबल प्रसूति सहायता की 10,600 रुपए की राशि से जुड़ी शिकायत 200 दिनों से लंबित थी। गलत योजना का भुगतान दर्ज करने पर BMO को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
761 दिन पुरानी शिकायत पर CMHO को नोटिस
निजी क्लीनिक के पंजीयन और अनियमितताओं से जुड़ी शिकायत 761 दिनों से लंबित थी। कलेक्टर ने CMHO को नोटिस जारी किया। जिले के सभी निजी क्लीनिकों का अनिवार्य पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
402 दिन पुरानी शिकायत में CMO की वेतनवृद्धि रोकी जाएगी
झाबुआ नगर पालिका के वार्ड-1 में अतिक्रमण के मलबे से जुड़ी शिकायत 402 दिनों से लंबित थी। कलेक्टर ने आवेदक के पिता से खुद बात की।
मामले में कार्रवाई नहीं करने और अनधिकृत अनुपस्थिति पर CMO मिलन पटेल की एक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने के निर्देश दिए गए।
राजस्व मामलों में भी कार्रवाई
आकाशीय बिजली से मौत के बाद राहत राशि से जुड़ी शिकायत 215 दिनों से लंबित थी। कलेक्टर ने तत्कालीन नायब तहसीलदार विजेंद्र कटारे के खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव कमिश्नर इंदौर को भेजने के निर्देश दिए।
रिकॉर्ड दुरुस्ती की 416 दिन पुरानी और नक्शा दुरुस्ती की 881 दिन पुरानी शिकायतों में भी तत्कालीन नायब तहसीलदार के खिलाफ कार्रवाई के प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को शिकायतकर्ता से सीधे बात करने के निर्देश
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल पोर्टल पर जवाब दर्ज कर शिकायत बंद न करें। शिकायत की वास्तविक समस्या का समाधान किया जाए।
अधिकारी आवेदकों से खुद बात करें। समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण करें। गलत या अधूरा जवाब देने और शिकायत लंबित रखने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अपर कलेक्टर सीएस सोलंकी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।