| |

धार में आधी रात बुजुर्ग दंपति के घर घुसे 3 बदमाश: मारपीट के बाद लूटा मंगलसूत्र; एक गिरफ्तार दो फरार

धार। घर में घुसकर 85 वर्षीय बुजुर्ग दंपति से मारपीट कर सोने के मंगलसूत्र लूटने वाले को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में धरमपुरी पुलिस ने उसे पकड़ा है। आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार मुख्य साजिशकर्ता समेत दो आरोपी अभी फरार हैं।

लट्ठ से हमला कर महिला के गले से मंगलसूत्र छीने
पुलिस के मुताबिक कालीबावड़ी निवासी 85 वर्षीय नेमीचंद राठौर और उनकी पत्नी पार्वती देवी 27 जून की रात करीब 1 बजे घर में सो रहे थे। इसी दौरान तीन बदमाश जबरन घर में घुस आए। आरोपियों ने लट्ठ से दंपति पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया और पार्वती देवी के गले से दो सोने के मंगलसूत्र, एक बड़ा और एक छोटा, लूट लिया।

शोर मचाने पर बदमाशों ने दंपति को जान से मारने की धमकी दी और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। शिकायत के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 191/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जेल में हुई थी आरोपी की संजय से दोस्ती
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी सरदारसिंह सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने अवल्दामान बस स्टैंड के यात्री प्रतीक्षालय की घेराबंदी कर सुरेश पिता थानसिंह अखाड़े (27), निवासी पिपल्दा, गंधवानी को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में सुरेश ने पुलिस को बताया कि उसकी मुलाकात जेल में कालीबावड़ी निवासी संजय से हुई थी। संजय ने ही लूट की योजना बनाई थी। इसके बाद 26 जून को तीनों आरोपी कालीबावड़ी के सरकारी कुएं के पास मिले और वारदात की साजिश रची।

फरार आरोपियों की तलाश, आभूषण बरामदगी के प्रयास
पुलिस अब मामले के मुख्य साजिशकर्ता संजय और उसके फरार साथी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपी से लूटे गए सोने के मंगलसूत्रों की बरामदगी को लेकर पूछताछ की जा रही है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी सरदारसिंह सोलंकी, सउनि दिनेशसिंह सिसोदिया, प्रआर सुनील, वेस्ता सोलिया, संतोष, महेश, आरक्षक लक्ष्मण और पंकज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share