धार में मंदिर चोरी करने वाली गैंग पकड़ी: आरोपियों से 2.30 लाख का चांदी का सामान जब्त; 3 गिरफ्तार 2 की तलाश

धार। प्रसिद्ध नानादेवी मंदिर में हुई चोरी करने वाले आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस ने गैंग के समीर पिता बहादुर मंडलोई के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 2 लाख 30 हजार रुपए कीमत के चांदी के आभूषण चोरी किए थे। पुलिस ने चोरी का सामान जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ धार जिले के अलग-अलग थानों में 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
SP पारुल बेलापुरकर ने बताया 24 जुलाई को अमझेरा निवासी कांतिलाल मोदी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। चालनी रोड में नानादेवी मंदिर के चैनल गेट और दरवाजे के ताले तोड़कर बदमाशों ने माताजी का चांदी का मुकुट, कुंडल, तीन छत्र, दो जोड़ी नाग-नागिन, पीतल की मूर्तियां और CCTV की 17 इंच की LED स्क्रीन चोरी कर ले गए।
साइबर सेल और मुखबिर से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई थी। पुलिस ने गुप्त सूचना और साइबर सेल की मदद ली। जांच के आधारफ पर समीर पिता बहादुर मंडलोई, संजय पिता हिंदु मेड़ा और सुरेश पिता रतनसिंह मंडलोई, सभी थाना बाग क्षेत्र निवासी, को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
आरोपियों ने अपने दो अन्य साथियों रवि उर्फ रविन्द्र भील निवासी पिपरी और महेन्द्र भुरिया निवासी नाहवेल के साथ मिलकर चोरी करने की बात स्वीकारी है। आरोपी बाइक से अमझेरा पहुंचे थे और लोहे की टांमी से मंदिर के ताले तोड़कर चोरी की थी।
2.30 लाख के चांदी के आभूषण बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चांदी का एक मुकुट, चांदी के कान के कुंडल, तीन छत्र तथा नाग-नागिन के दो जोड़े बरामद किए हैं। बरामद मशरूका की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 30 हजार रुपए बताई गई है।

तीनों आरोपियों पर कई मामले दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास है। समीर के खिलाफ 9, संजय के खिलाफ 8 और सुरेश के खिलाफ 3 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। ये मामले बाग, मनावर, सरदारपुर, पीथमपुर और सेक्टर-1 थानों में दर्ज बताए गए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने मई माह में आगर घाटी, बाग में एक दंपती को फालिया अड़ाकर चांदी की तागली लूटने की वारदात में भी शामिल होना स्वीकार किया है।

फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अब मामले में फरार दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजू मकवाना, उपनिरीक्षक दिलीप खांडे, रमेशचंद्र डामोर, सउनि दिवाकर सिंह बैस, आरक्षक लालसिंह, रमेशचंद्र, राहुल, नीरज जाट तथा साइबर टीम के आरक्षक प्रशांत चौहान और शुभम शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।