छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के NICU में लगी आग: तीन नवजात झुलसे, एक की मौत; जबलपुर किया था रेफर

छिंदवाड़ा। जिला अस्पताल की एनआईसीयू में वार्मर मशीन में आग लगने से झुलसे तीन नवजातों में से एक की मौत हो गई। बच्ची को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
परिजनों के मुताबिक, बच्ची की मां को प्रसव के लिए तीन दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे बच्ची का जन्म हुआ था।
परिवार किशनपुर चांद का रहने वाला बताया जा रहा है। मृत बच्ची के पिता आदित्य वर्मा हैं। डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों ने तुरंत इलाज किया था।
एक बच्चे की मौत
वार्मर में आग लगने की घटना में झुलसी तीन नवजातों में से एक बच्ची की मौत हो गई है। बच्ची को गंभीर हालत में बेहतर इलाज के लिए जबलपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। प्रसव के लिए तीन दिन पहले ही जिला अस्पताल में भर्ती किया था।



पहले डॉक्टरों ने तीनों को बताया था खतरे से बाहर
घटना के बाद डॉक्टर कंचन दुबे ने बताया था कि आग में झुलसे तीनों नवजात खतरे से बाहर हैं। हालांकि बच्चों की स्थिति को देखते हुए सर्जरी की जरूरत पड़ने की बात भी कही गई थी। इसी बीच एक बच्ची की हालत बिगड़ने पर उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया था।
आग के कारणों की जांच शुरू
घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने NICU में आग लगने के कारणों और वहां मौजूद सुरक्षा इंतजामों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस भी मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वार्मर मशीन में आग किस वजह से लगी ।