| |

टीचर की पिटाई के बाद 6 साल के बच्चे की मौत: बेहोश होकर गोद में गिरा; अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

विशाखापट्‌टनम। एक स्कूल में 6 साल के बच्चे की मौत का मामला सामने आया है। घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।

वीडियो में बच्चा कक्षा के भीतर एक महिला टीचर के पास नजर आता है। कुछ देर बाद टीचर उसे थप्पड़ मारती है और उसके कपड़े उतारने की कोशिश करती दिखाई देती है। इसके बाद बच्चा अचानक बेसुध होकर टीचर की गोद में गिर जाता है।

मृतक की पहचान प्रणय तेजा के रूप में हुई है। वह लिटिल गार्डन्स स्कूल में UKG का छात्र था। घटना के बाद उसे किंग जॉर्ज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

CCTV में पूरी घटना रिकॉर्ड
क्लासरूम में लगे CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि टीचर बच्चे को अपने पास खींचती है और उसे डांटती है। इसके बाद उसके साथ मारपीट करती नजर आती है। फुटेज में टीचर बच्चे की यूनिफॉर्म खोलने की कोशिश भी करती दिखाई देती है।

बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई बच्चे के होमवर्क नहीं करने के कारण की जा रही थी। हालांकि घटना की परिस्थितियों और शिक्षक की भूमिका को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

टीचर सजा के तौर पर दूसरे बच्चों के सामने प्रणय की यूनिफॉर्म खोलने लगती है, बच्चा उसे रोकने की कोशिश करता है।

कुछ सेकंड में बच्चा हुआ बेसुध
CCTV फुटेज में घटना के दौरान बच्चा पहले टीचर के सामने खड़ा दिखाई देता है। थप्पड़ और डांट के बाद वह अचानक शांत पड़ जाता है। कुछ ही सेकंड बाद वह टीचर के ऊपर बेसुध होकर गिर जाता है।

परिजन का आरोप है कि टीचर की पिटाई और उससे पैदा हुई दहशत के कारण बच्चे को हार्ट अटैक आया। हालांकि मौत की वास्तविक वजह की पुष्टि मेडिकल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी।

सोशल मीडिया पर CCTV आने के बाद मामला सामने आया
रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पूरे मामले की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने CCTV फुटेज को जांच के लिए लिया है। पुलिस घटना के दौरान मौजूद परिस्थितियों और टीचर की भूमिका की पड़ताल कर रही है।

बच्चे की मेडिकल हिस्ट्री भी खंगालेगी पुलिस
पुलिस बच्चे की मौत के कारणों की जांच कर रही है। इसमें यह भी पता लगाया जा रहा है कि बच्चे को पहले से कोई बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या तो नहीं थी। पुलिस बच्चे की मेडिकल हिस्ट्री की भी जांच करेगी। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चे की मौत की सटीक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Share