देवास में डिवाइडर बनाने के लिए समाजसेवी हुए दंडवत: दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए की पहल; SDM कार्यालय तक निकाली यात्रा

देवास। बागदी नदी तक डिवाइडर रोड के निर्माण के लिए जनता ने दंडवत यात्रा निकाली। जनहित के लिए नगर के दो प्रमुख समाजसेवियों ने सड़क पर भक्ति और विरोध का एकसाथ प्रदर्शन किया।
समाजसेवी नंदकिशोर वर्मा और राकेश जोशी ने प्रशासन से डिवाइडर निर्माण की मांग के लिए यह तरीका अपनाया। दोनों समाजसेवियों ने बागदी नदी स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर से एसडीएम कार्यालय तक यात्रा निकाली।
दुर्घटनाओं पर लगेगी रोक
उनकी प्रमुख मांगें है कि दाना बाबा से बागदी नदी तक सड़क पर डिवाइडर का निर्माण कराया जाए। इससे आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी। सुचारू यातायात व्यवस्था बनाकर राहगीरों और स्थानीय निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
समाजसेवियों का कहना है कि यह यात्रा केवल एक विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि सोए हुए प्रशासन को जगाने की गुहार है।
हर तरफ हो रही चर्चा
उनका कहना है कि यदि इस मांग पर शीघ्र संज्ञान नहीं लिया गया, तो आगे और भी बड़े कदम उठाए जाएंगे। सब दूर इस यात्रा की चर्चा हो रही है। अब सभी की निगाहें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।