धरमपुरी में निकली भव्य वृक्ष यात्रा: पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश; लोगों ने पौधे लगाने और देखभाल का लिया संकल्प

धरमपुरी। पर्यावरण संरक्षण और भू-जल संवर्धन के लिए मां नर्मदा सेवा कार्य समिति की ओर से बुधवार को धरमपुरी में भव्य वृक्ष यात्रा निकाली गई। राजबाड़ा चौक से शर्मा चौपाटी तक आयोजित पदयात्रा के दौरान लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण बचाने का संदेश दिया गया। यात्रा का मुख्य उद्देश्य प्रकृति का संतुलन बनाए रखना और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
‘वृक्ष लगाओ, जीवन बचाओ’ का दिया संदेश
यात्रा के दौरान “वृक्ष लगाओ, जीवन बचाओ-मां नर्मदा का आंचल हरा-भरा बनाओ” का संदेश दिया गया। इस दौरान पीपल, बरगद, नीम, आंवला और बेलपत्र सहित विभिन्न उपयोगी प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
आयोजकों ने लोगों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की, ताकि पौधे बड़े होकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकें।

पर्यावरण और स्वच्छता की दिलाई शपथ
वृक्ष यात्रा में शामिल नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। सभी ने प्रकृति को बचाने और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
हर व्यक्ति एक पौधा लगाने का संकल्प
यात्रा के दौरान “नर्मदा की अविरल धारा, वृक्षारोपण से जीवन सारा” और “एक पौधा नर्मदा मैया के नाम” जैसे संदेशों के साथ लोगों को कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी जिम्मेदारी लेने का संकल्प दिलाया गया। आयोजकों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि हर व्यक्ति इसे अपनी जिम्मेदारी समझे।