| |

50 लाख से ज्यादा की चोरी में दो बदमाश गिरफ्तार: 6 लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद; पांच आरोपी फरार

झाबुआ। पारा के रातीमाली में करीब डेढ़ माह पहले हुई 50 लाख रुपए से ज्यादा की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 6 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वारदात में कुल सात बदमाश शामिल थे। सभी दो बाइक से पारा पहुंचे थे और वारदात से पहले दोनों बाइक छिपाकर रातीमाली गए थे। मामले में पांच अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

ताला लगा मकान देख वारदात को दिया अंजाम
ग्राम रातीमाली, राजगढ़ रोड पारा निवासी ईश्वर दलसिंह रावत के घर में 4-5 जुलाई की दरमियानी रात करीब 1.30 बजे से सुबह 4 बजे के बीच चोरी हुई थी।

अज्ञात बदमाश ताला लगा मकान देखकर अंदर घुसे और नकदी, सोने-चांदी के जेवर समेत 50 लाख रुपए से अधिक का सामान लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पारा पुलिस चौकी में केस दर्ज किया गया था। पीड़ित परिवार ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराए थे।

खुलासा नहीं होने पर नागरिकों ने की थी शिकायत
लंबे समय तक चोरी का खुलासा नहीं होने पर पारा और रातीमाली के नागरिकों ने एसपी से मुलाकात कर जल्द कार्रवाई की मांग की थी। कार्रवाई नहीं होने पर नगर बंद और शांतिपूर्ण आंदोलन की चेतावनी भी दी गई थी। चोरी के मामले को लेकर पीड़ितों और व्यापारियों की आवाज लगातार उठाई जा रही थी।

मुखबिर की सूचना पर दो आरोपी पकड़े
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। इसके आधार पर राकेश पुत्र पिरम अलावा निवासी बगोली (टांडा) और धनसिंह उर्फ धनिया पुत्र बनसिंह अलावा निवासी काकड़वा (टांडा) को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे छह अन्य साथियों के साथ दो बाइक से पारा आए थे। दोनों बाइक छिपाने के बाद सभी रातीमाली पहुंचे और ताला लगे मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

सोने की चेन और मंगलसूत्र समेत जेवर बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने की चेन, दो मंगलसूत्र, दो सोने की अंगूठियां, कान के टॉप्स के दो जोड़े, चांदी की अंगूठी, पायजेब और चार जोड़ी बिछुड़ियां बरामद की हैं। बरामद जेवर की कीमत करीब 6 लाख रुपए बताई गई है।

पांच अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पारा चौकी प्रभारी पल्लवी भावर ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया गया है। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं। चोरी गए बाकी सामान की बरामदगी के लिए भी पुलिस जांच कर रही है। कार्रवाई में टांडा पुलिस का सहयोग रहा।

पुलिस टीम में माछलिया चौकी प्रभारी रामसिंह चौहान, एएसआई रमेश, फतेसिंह, प्रधान आरक्षक मनोहर भूरिया, रतन सहित आरक्षक गमतु, अर्जुन, एलाम, रवि, उमेश, नानूराम, श्याम, रमेश और देवा का सहयोग रहा।

Share