| |

मनावर में 2014 के बाद नहीं बने मुंडा समाज जाति प्रमाण पत्र: लोकसेवा केंद्र में आवेदन देने के बाद भी स्वीकार नहीं; बच्चों को नहीं मिल रही सरकारी सुविधा

धार। मनावर नगर के मुंडा समाज के लोगों ने अपने बच्चों के अनुसूचित जनजाति -ST वर्ग के जाति प्रमाण पत्र जारी कराने की मांग को लेकर धार कलेक्टर को आवेदन दिया है। समाज के लोगों का कहना है कि वर्ष 2014 के बाद से उनके बच्चों के जाति प्रमाण पत्र नहीं बनाए जा रहे हैं। इसके लिए वे लगातार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।

स्कूलों में प्रमाण पत्र मांगा जा रहा
आवेदन में समाज के लोगों ने बताया कि वे मनावर तहसील के स्थायी निवासी हैं और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनके बच्चे अलग-अलग स्कूलों में पढ़ाई कर रहे हैं। शैक्षणिक योजनाओं और सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने के लिए स्कूलों में जाति प्रमाण पत्र मांगा जा रहा है।

=लोकसेवा केंद्र से आवेदन भी नहीं हुआ स्वीकार
समाज के लोगों के अनुसार उन्होंने बच्चों के जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लोकसेवा केंद्र के माध्यम से आवेदन करने का प्रयास किया, लेकिन आवेदन स्वीकार नहीं किया गया। इसके बाद की गई अपील भी निरस्त कर दी गई। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मनावर सहित अन्य अधिकारियों को आवेदन देकर समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ।

पहले बने प्रमाण पत्र, फिर भी नए प्रमाण पत्र में परेशानी
आवेदनकर्ताओं का दावा है कि मुंडा समाज के कुछ लोगों के जाति प्रमाण पत्र पूर्व में जारी किए जा चुके हैं। इन्हीं प्रमाण पत्रों का हवाला देते हुए समाज के लोगों ने अपने अध्ययनरत बच्चों के लिए भी अनुसूचित जनजाति वर्ग के जाति प्रमाण पत्र जारी करने की मांग की है।

समाज के लोगों का कहना है कि प्रमाण पत्र नहीं बनने के कारण उनके बच्चे शासन की विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने से वंचित हो रहे हैं। इससे बच्चों के भविष्य को लेकर परिवार चिंतित हैं।

कलेक्टर से जल्द समाधान की मांग
आवेदनकर्ताओं ने कलेक्टर से पूरे मामले की जांच कराने और पात्र बच्चों के जाति प्रमाण पत्र जल्द जारी कराने की मांग की है। उनका कहना है कि प्रमाण पत्र के अभाव में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, इसलिए मामले का शीघ्र निराकरण किया जाना चाहिए।

Share