|

सेंधवा में 4 महीने पहले खोदी सड़क अब तक नहीं बनी: विरोध में जयस का धरना शुरू; मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी

सेंधवा। जुलवानिया नगर में जल निगम द्वारा पाइपलाइन डालने के लिए चार महीने पहले सड़क खोदी थी। अभी तक सीसी रोड की  मरम्मत नहीं हुई है। इसके विरोध में जयस संगठन ने खरगोन फाटे पर अनिश्चितकालीन सांकेतिक धरना शुरू कर दिया है।

संगठन ने जल निगम बड़वानी की जीएम हर्षिता यादव और संबंधित निर्माण एजेंसी लक्ष्मी इंजीनियरिंग सर्विसेस, कोल्हापुर के खिलाफ लापरवाही और आदेशों की अवहेलना को लेकर कार्रवाई की मांग की है।

दो फीट गहरे गड्ढे
जयस पदाधिकारियों के अनुसार खरगोन फाटा, बिरसा मुंडा चौराहा, इंदौर बस स्टैंड, पुलिस थाना एवं शिव मंदिर के सामने सहित अन्य स्थानों पर जल निगम की पाइपलाइन डालने के लिए जेसीबी के ब्रेकर से सीसी रोड को क्षतिग्रस्त किया गया था। इसके बाद सड़क की मरम्मत नहीं होने से कई जगह करीब दो फीट गहरे गड्ढे हो गए हैं। इससे दोपहिया वाहन चालक और राहगीर आए दिन हादसों का शिकार हो रहे हैं।

महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग
यह महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। जयस का दावा है कि इस मार्ग से प्रतिदिन करीब 2 हजार छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सड़क की बदहाल स्थिति से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मरम्मत नहीं हुई तो आंदोलन जारी रहेगा
जयस ब्लॉक अध्यक्ष रवि चौहान ने कहा कि संगठन द्वारा पूर्व में भी क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत के लिए संबंधित विभाग से मांग की गई थी, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि जब तक सड़क का पुनर्निर्माण शुरू नहीं होता और जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।

यह लोग धरने पर बैठे
धरने में जयस मंडल अध्यक्ष जुलवानिया पवन बघेल, मंडल प्रभारी मनीष मुजाल्दे, महासचिव विकास मोरे, अरविंद झिलले, छोटू रावत, मनीष मंडलोई, कुंदन वर्मा, विकास रंधावे, करण बालके, राजेश सेन, लालू बामनिया, दिलावर खान, अरुण खत्री, हनु खान, राकेश मुजाल्दे, मुकेश मंडलोई, प्रदीप वर्मा, दिनेश मालवीय, सुरेश बरडे, मनीष मोरे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share