| |

जोबट में मशीन खराब होने से किसानों को नहीं मिली खाद: प्रबंधक ने कहा- आलीराजपुर जाओ; एक-दो दिन में खाद मिलने की उम्मीद

जोबट। प्रदेश में 17 अगस्त से खाद वितरण शुरू हो गया है। अभी जोबट में POS मशीन खराब होने से किसानों को खाद नहीं मिल सकी। खाद की रैक केंद्र पर पहुंच चुकी है और स्टॉक भी है, लेकिन मशीन काम नहीं करने के कारण सोमवार को खाद लेने खुद पहुंचें। किसानों को अब मशीन सुधरने तक एक-दो दिन इंतजार करने या आलीराजपुर जाकर खाद लेने की सलाह दी गई है।

14 अगस्त की शाम 7 बजे से उर्वरक बिक्री पर रोक लगा दी गई थी। 15 और 16 अगस्त को बिक्री बंद रही। 17 अगस्त से खाद वितरण शुरू होना था, लेकिन जोबट केंद्र पर मशीन में कुछ खराबी आने के कारण वितरण शुरू नहीं हो सका।

खाद लेने पहुंचे किसान, मशीन नहीं चली
किसानों का कहना है कि केंद्र पर खाद उपलब्ध होने के बावजूद उन्हें खाद नहीं दी जा रही है। POS मशीन खराब होने का कहा जा रहा है, और उन्हें खाद नहीं दी गई। खेती के जरूरी समय में खाली हाथ लौटने से किसानों में नाराजगी है।

किसानों का कहना है कि केंद्र तक आने में उनका समय और पैसे खर्च हो रह है। साथ ही उनकी मेहनत भी बर्बाद हो रही है। उनका सवाल है कि जब खाद का स्टॉक उपलब्ध है तो मशीन खराब होने के उसको सही क्यूं नहीं किया गया।

एक-दो दिन में मशीन चालू होने की उम्मीद
समिति के विपणन प्रभारी अशोक वाणी ने बताया कि POS मशीन खराब होने की जानकारी संबंधित अधिकारियों को आवेदन के माध्यम से दी गई है। मशीन एक-दो दिन में चालू होने की उम्मीद है। रैक पहुंच चुकी है और मशीन शुरू होते ही खाद का वितरण कर दिया जाएगा। प्रबंधक अनिल दुबे ने किसानों को कहा है कि आलीराजपुर खाद वितरण केंद्र से खाद लेना होगा।

किसानों ने जल्द से जल्द सुधार की मांग की
किसानों की मांग है कि POS मशीन को जल्द से जल्द सही कारवाई जाए, साथ ही जोबट केंद्र से ही खाद वितरण शुरू किया जाए। किसानों का कहना है कि खेती के महत्वपूर्ण समय में उन्हें खाद के लिए आलीराजपुर जाने में परेशनी होती है। मशीन खराब होने की स्थिति में विभाग को व्यवस्था कर उसको जल्द से जल्द खाद उपलब्ध कराना चाहिए।

Share