पेरा टेबल टेनिस स्पर्धा में देशभर के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन, विभिन्न क्लास में 14 खिलाड़ियों ने जीते खिताब

इंदौर। मध्य प्रदेश टेबल टेनिस संगठन तथा पेरा टेबल टेनिस प्रमोशन एसोसिएशन द्वारा प्रथम पेरा राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस स्पर्धा में विभिन्न आयु वर्गों के पुरुष वर्ग में मयंक श्रीवास्तव, जगन्नाथ एच.एम., शुभम वाधवा, सुमित सहगल, विकास ठाकुर, शिवम पाल, कुणाल अरोड़ा, दत्ता प्रकाश चौगले, हितेश डोलवानी ने खिताबी सफलता हासिल की। वहीं महिला वर्ग में ध्वनी शाह, विजया, सविता वी. अज्जनकुट्टी, बेबी सहाना, नतानिया जैन ने खिताब जीते।
पुरुष वर्ग में इन खिलाड़ियों ने मारी बाजी
अभय प्रकाश आयोजित स्पर्धा के पुरुष एकल वर्ग के विभिन्न क्लास के फाइनल में मयंक श्रीवास्तव (उत्तर प्रदेश) ने संदीप डांगी (हरियाणा) को 3-0 से, जगन्नाथ एच.एम. (कर्नाटक) ने जय भोले दवे (गुजरात) को 3-1 से, शुभम वाधवा (पंजाब) ने नवनीत कादियान (उत्तर प्रदेश) को 3-0 से, सुमित सहगल (हरियाणा) ने त्रिवेंद्र सिंह (उत्तर प्रदेश) को 3-0 से, विकास ठाकुर (गुजरात) ने उदय कुमार (उडिसा) को 3-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। अन्य क्लास में शिवम पाल (उत्तर प्रदेश) ने हर्ष त्रिवेदी (मध्य प्रदेश) को 3-2 से, कुणाल अरोड़ा (उत्तर प्रदेश) ने गजानंद परमार (महाराष्ट्र) को 3-1 से, दत्ता प्रकाश (महाराष्ट्र) ने नमन छाबड़ा (चंडीगढ़) को 3-1 से तथा हितेश डोलवानी (तेलंगाना) ने विश्व तांबे (महाराष्ट्र) को 3-0 से पराजित कर खिताब जीता।
भाविना पटेल उलटफेर की शिकार
महिला वर्ग के क्लास 4 एवं 5 के फाइनल में तेलंगाना की विजया दीपिका ने सनसनीखेज उलटफेर करते हुए प्रथम क्रम की गुजरात की भाविना पटेल को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 3-2 से परास्त किया। वहीं महिला वर्ग में विभिन्न आयु वर्गों के फाइनल में क्लास 7 में ध्वानी शाह (गुजरात) ने सोनल पटेल (गुजरात) को 3-1 से, क्लास 8 में सविता वी. अज्जनकुट्टी (कर्नाटक) ने निशा कुमारी (तेलंगाना) को 3-2 से, क्लास 9 में बेबी सहाना (तमिलनाडु) ने मेहर कौर (हरियाणा) को 3-0 से, क्लास 10 में नतानिया जैन (दिल्ली) ने कंचन बेन (राजस्थान) को 3-0 से हराकर विजेता होने का गौरव प्राप्त किया। स्पर्धा का पुरस्कार वितरण मध्य प्रदेश ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष ओम सोनी के आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर मध्य प्रदेश टेबल टेनिस संगठन के जयेश आचार्य, प्रमोद गंगराडे, प्रमोद सोनी, रिंकु आचार्य, निलेश वेद, अमित कोटिया उपस्थित थे।