| |

इंदौर में एसिड पीने से युवती की मौत: हास्पिटल पहुंचाने वाला खुद को बताया पति; परिजन बोले- उसी ने की हत्या

इंदौर। रंगवासा स्थित किराए के फ्लैट में रह रही 25 वर्ष की युवती की एसिड पीने से मौत हो गई। युवती सिलाई कारखाने में काम करती थी। रात में तबीयत बिगड़ने के बाद जगन सिंह नाम का युवक उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

अस्पताल में जगन सिंह ने खुद को युवती का पति बताया। अस्पताल प्रबंधन ने फोन कर इसकी जानकारी परिजनों को दी। परिजनों ने बताया युवती अविवाहित थी और जगन सिंह पिछले 3-4 साल से उसके संपर्क में था। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

3 से 4 साल से संपर्क में था युवक
युवती के परिजनों ने बताया कि जगन सिंह पिछले 3 से 4 साल से उनके संपर्क में था। वह युवती के कमरे पर भी आता-जाता था। परिजनों के मुताबिक, जब उसके पिता युवती के कमरे पर जाते थे, तब भी जगन सिंह वहां मिलता था। परिवार ने दोनों के बीच अवैध संबंध होने का भी आरोप लगाया है।

युवती कुंवारी थी
परिजनों का कहना है कि युवती अविवाहित थी। ऐसे में जगन सिंह द्वारा अस्पताल में खुद को उसका पति बताने पर परिवार को शक हुआ। परिजनों ने युवक पर युवती की हत्या का आरोप लगाया है और पूरे मामले की जांच की मांग की है।

पुलिस जांच में जुटी
युवती ने एसिड पिया था, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने जगन सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

युवती ने एसिड किन परिस्थितियों में पिया और उसकी मौत कैसे हुई, पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।

Share