|

भोजशाला परिसर में नमाज नहीं करवाने की मांग: रजक समाज बोला- न्यायालयीन आदेशों का हो पालन; कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

धार। गुरुवार को सकल पंच रजक समाज, धार के प्रतिनिधियों ने भोजशाला परिसर में नमाज नहीं करवाने और हिन्दू समाज की धार्मिक भावनाओं से जुड़े मुद्दे पर कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी को ज्ञापन दिया।

समाज ने कहा कि भोजशाला को लेकर अदालतों के जो आदेश हैं, उनके अनुसार ऐसी व्यवस्था की जाए जिससे किसी भी समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचे और शहर में शांति, भाईचारा तथा कानून-व्यवस्था बनी रहे।

न्यायालयीन आदेशों के अनुरूप व्यवस्था की मांग
ज्ञापन में मांग की गई कि भोजशाला परिसर में धार्मिक गतिविधियों और आवागमन की व्यवस्था न्यायालयीन आदेशों के अनुरूप स्पष्ट और व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित की जाए। समाज का कहना है कि हिन्दू समाज की पूजा-अर्चना और धार्मिक गतिविधियों में किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न नहीं होना चाहिए।

विवाद और तनाव की स्थिति नहीं बने
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से आग्रह किया कि दोनों समुदायों के बीच किसी भी प्रकार के विवाद या तनाव की स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए स्पष्ट और स्थायी व्यवस्था बनाई जाए। समाज ने भविष्य में किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए शांतिपूर्ण समाधान सुनिश्चित करने की मांग भी की।

प्रशासन से पूर्ण पालन सुनिश्चित करने का आग्रह
मीडिया प्रभारी हंसराज सोनवानिया ने बताया कि धार शहर की सामाजिक और धार्मिक संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन द्वारा न्यायालय के आदेशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्पष्ट दिशा-निर्देश और व्यवस्थाएं शहर में सौहार्द बनाए रखने में सहायक होंगी।

ज्ञापन सौंपते समय सकल पंच रजक समाज के अध्यक्ष कैलाश पिपलोदिया, गोपाल मालवीय, सुरेश जलोदिया सहित समाज के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद थे।

Share