| |

NH-30 में ट्रक ने कुचला, हाथ-पैर कटे, 2 की मौत: बाइक सवारों को 200 फीट घसीटा; जबलपुर-मंडला सड़क पर पड़े रहे शव

जबलपुर। NH 30 में तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। इसके बाद बाइक सवारों को कुचलते हुए निकल गया। बाइक सवार ट्रक के नीचे लगभग 200 फीट तक घसीटते चले गए।

हादसे में 2 युवकों की मौत हो गई है। कार चालक गंभीर घायल है। हादसे के बाद हाइवे पर दोनों युवकों के शव पड़े रहे। हादसा बरेला टोल नाका के पास हुआ है। घटना जबलपुर-मंडला रोड की है।

सूचना मिलते ही बरेला पुलिस मौके पर पहुंची। घायल कार चालक को इलाज के लिए जबलपुर रेफर कराया। मृतकों की पहचान करने के साथ हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

पहले देखें एक्सीडेंट की भयावह तस्वीरें… 

तस्वीर- 1. ट्रक की टक्कर से कार का आगला हिस्सा पूरी तरह टूट गया। कार से टकराई बाइक भी दूर जा गिरी।

तस्वीर- 2. एक्सीडेंट के बाद एक युवक के हाथ-पैर कट गए। काफी देर तक उसका शव हाइवे पर पड़ा रहा।  

तस्वीर- 3. घटनास्थल पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने शव को उठाकर डायल 112 में रखा।

तस्वीर- 4. हादसे के बाद एक युवक कार के पीछे घायल अवस्था में काफी देर तक पड़ा रहा। 

तस्वीर- 5. पुलिस ने घायल कार चालक को इलाज के लिए जबलपुर रेफर कराया है।

मंडला के रहने वाले थे दोनों युवक
बताया जा रहा है कि बाइक सवार दोनों मृतक मंडला जिले के बीजाडांडी क्षेत्र के रहने वाले थे। दोनों युवक बाइक से अपने घर लौट रहे थे। हादसे की सूचना के बाद उनके परिजन से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।

टक्कर के बाद ट्रक चालक फरार
कार को टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के इलाके और संभावित मार्गों पर भी उसकी तलाश की जा रही है।

कार बाइक समेत करीब 200 फीट घिसटी
बताया जा रहा है कि ट्रक और कार की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर के बाद कार बाइक सवारों समेत करीब 200 फीट तक घिसटती चली गई। हादसे में कार को भी काफी नुकसान पहुंचा है। घटना में शामिल कार का नंबर MP 51 ZB 3909 बताया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Share