300 रुपये में करें नागचंद्रेश्वर के दर्शन: ऑनलॉइन बुकिंग में पहले आओ, पहले पाओ; सिर्फ 24 घंटे के लिए खुलेगा मंदिर

उज्जैन। 17 अगस्त को बाबा महाकाल की सवारी के साथ नागचंद्रेश्वर मंदिर के पट भी रात 12 बजे खुलेंगे।इस वजह से बड़ी संख्या में महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालु आएंगे। प्रशासन ने देर रात नागचंद्रेश्वर शीघ्र दर्शन की ऑन लॉइन बुकिंग शुरू की है। इसके लिए 300 रूपये शुल्क तय किया है। श्रद्धालु वेबसाइट
https://www.shrimahakaleshwar.mp.gov.in/ पर बुक कर सकते है।
300 रुपये शुल्क
दरअसल सावन के तीसरे सोमवार को विशेष सयोंग बन रहा है। इस दिन नागचंद्रेश्वर मंदिर के पट तो 24 घंटे के लिए खुलेंगे ही बाबा महाकाल की सवारी भी निकलेगी। नतीजतन बड़ी संख्या श्रद्धालूओ का मंदिर आना तय है। इसी को देखते हुए नागचंद्रेश्वर के शीघ्र दर्शन के लिए इस बार 300 रुपये शुल्क कर देर रात से बुकिंग शुरू कर दी। जबकि यह शुल्क अब तक 250 रुपये था। खास बात यह है कि श्रद्धालुओं को लंबी कतार से राहत देने के लिए पहली बार समय आधारित स्लॉट व्यवस्था लागू की गई है।
पहले आओ पहले पाओ
ऑनलाइन बुकिंग पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगी। वेबसाइट पर मोबाइल नंबर दर्ज करने और पासवर्ड बनाने के बाद श्रद्धालुओं को अगले 24 घंटे के लिए अलग-अलग 11 स्लॉट दिखाई देंगे। अपनी सुविधा के अनुसार स्लॉट चुनकर बुकिंग की जा सकेगी। महाकाल मंदिर की सहायक प्रशासक सिम्मी यादव ने बताया कि श्रद्धालु मंदिर की अधिकृत वेबसाइट पर शीघ्र दर्शन टिकट बुक कर सकते हैं। टिकट का प्रिंट आउट साथ लाना अनिवार्य रहेगा। इस योजना से 13 हजार श्रद्धालुओं को दर्शन करवाने की योजना है।
अधिकृत वेबसाइट से ही करें बुकिंग
शीघ्र दर्शन के लिए प्रवेश मार्ग हरसिद्धि पाल से बड़ा गणेश गली होते हुए गेट नंबर-5 निर्धारित किया गया है। मंदिर परिसर में मोबाइल फोन ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी अनधिकृत व्यक्ति या एजेंट के झांसे में न आएं और केवल महाकाल मंदिर की अधिकृत वेबसाइट से ही टिकट बुक करें। श्रद्धालुओं को अपने निर्धारित समय और प्रवेश मार्ग का पालन करना होगा।